नारी डेस्क: क्या आपके माता-पिता को शुगर की समस्या है और आप सोच रहे हैं कि क्या यह बीमारी आपको भी हो सकती है? ऐसे सवाल बहुत आम हैं, क्योंकि परिवार में होने वाली स्वास्थ्य समस्याएं अक्सर हमें चिंतित कर देती हैं। लेकिन अच्छी खबर यह है कि जेनेटिक्स सिर्फ आधा सच है आपकी रोजमर्रा की आदतें और जीवनशैली इस खतरे को बढ़ा या घटा सकती हैं। इस आर्टिकल में हम आपको बताएंगे कि कैसे कुछ आसान बदलाव अपनाकर आप डायबिटीज के जोखिम से खुद को सुरक्षित रख सकते हैं और स्वस्थ जीवन जी सकते हैं।
डायबिटीज और जेनेटिक्स: क्या केवल वंशानुगत कारण जिम्मेदार हैं?
कई शोध बताते हैं कि डायबिटीज में जीन यानी वंशानुगत कारण अहम भूमिका निभाते हैं। लेकिन यह केवल आधी कहानी है। रोजमर्रा की आदतें, खानपान और लाइफस्टाइल भी उतनी ही जिम्मेदार हैं। परिवार में एक जैसी खाने की आदतें और कम शारीरिक गतिविधि इस जोखिम को और बढ़ा देती हैं। अच्छी खबर यह है कि अगर आप अपनी जीवनशैली में समय रहते बदलाव करें, तो आप टाइप-2 डायबिटीज के खतरे को काफी हद तक कम कर सकते हैं।

जीवनशैली से बचाव संभव है
यदि आपके माता-पिता को डायबिटीज है, तो इसका मतलब यह नहीं कि आपको भी यह बीमारी होगी। डायबिटीज के खतरे को लाइफस्टाइल और खानपान की आदतें बढ़ाती हैं, और आप इन्हें सुधारकर अपनी सुरक्षा कर सकते हैं। आइए जानते हैं चार आसान तरीके:
वजन नियंत्रण
अगर आपका वजन सामान्य से ज्यादा है, तो डायबिटीज का खतरा बढ़ जाता है। लंबे समय तक बैठकर काम करना और अनहेल्दी खाना वजन बढ़ाता है। वजन को नियंत्रित रखना इस बीमारी से बचने का पहला कदम है।
सक्रिय जीवनशैली (Active Lifestyle)
रोजाना एक्सरसाइज करने से शरीर इंसुलिन को बेहतर तरीके से इस्तेमाल करता है। मांसपेशियां एक्टिव रहने पर खून से ग्लूकोज को आसानी से अवशोषित कर लेती हैं, जिससे ब्लड शुगर संतुलित रहता है। हर दिन या हफ्ते में कम से कम 1-2 घंटे एक्सरसाइज करें। चलना, दौड़ना, योग या जिम, जो भी आपके लिए आसान हो, उसे अपनाएं।
सही डाइट अपनाएं
डायबिटीज से बचाव के लिए खानपान पर विशेष ध्यान दें। साबुत अनाज, हरी सब्जियां, ताजे फल और दालों को अपनी डाइट में शामिल करें। ये फाइबर से भरपूर होते हैं और शरीर में शुगर के अवशोषण को धीमा करते हैं। नट्स, बीज और ऑलिव ऑयल जैसे हेल्दी फैट्स को अपनाएं। तला-भुना, प्रोसेस्ड और बाहर का खाना कम करें।

मीठा और जंक फूड कम करें
ज्यादा मीठा खाना और बाहर का तला-भुना खाना डायबिटीज का खतरा बढ़ा सकते हैं। अपनी क्रेविंग पर नियंत्रण रखें और मीठे या फैटी फूड का सेवन कम करें। अगर माता-पिता को शुगर है, तो इसका मतलब यह नहीं कि आपको भी होगी। वजन नियंत्रण, सक्रिय जीवनशैली, सही डाइट और मीठा/जंक फूड से दूरी बनाए रखना सबसे बड़ा बचाव है। जीवनशैली में छोटे बदलाव ही आपको डायबिटीज से सुरक्षित रख सकते हैं और हेल्दी जीवन की ओर ले जा सकते हैं।