
नारी डेस्क : आजकल बदलती लाइफस्टाइल और सिटिंग जॉब की वजह से लोगों का वजन तेजी से बढ़ रहा है। इसे कंट्रोल करने के लिए लोग डाइट सुधारने से लेकर एक्सरसाइज तक कई तरीके अपनाते हैं, लेकिन अब बाजार में वजन घटाने वाली दवाएं भी आसानी से मिलने लगी हैं। यही वजह है कि इनके गलत इस्तेमाल का खतरा भी बढ़ गया है। इसी को देखते हुए देश में वजन घटाने वाली दवाओं के बढ़ते दुरुपयोग पर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। Central Drugs Standard Control Organization (CDSCO) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देशभर में 49 स्थानों पर छापेमारी की है और संबंधित विभागों को अलर्ट कर दिया है।
जानें क्यों की गई कार्रवाई
वजन घटाने से जुड़ी GLP-1 दवाओं का पेटेंट खत्म होने के बाद बाजार में इनके सस्ते जेनरिक वर्जन तेजी से उपलब्ध हो गए हैं और करीब 40 कंपनियां इन्हें बना रही हैं। इसी वजह से बिना डॉक्टर की सलाह इन दवाओं की खरीद-बिक्री का खतरा भी बढ़ गया है, जो सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। हालात को देखते हुए सरकार ने सख्त गाइडलाइन जारी कर दी है, ताकि इन दवाओं के गलत इस्तेमाल पर रोक लगाई जा सके।

कहां-कहां हुई कार्रवाई?
सरकार ने जिन जगहों पर छापेमारी की, उनमें शामिल हैं
ऑनलाइन फार्मेसी
मेडिकल स्टोर
थोक विक्रेता
स्लिमिंग क्लीनिक
जांच में गड़बड़ी मिलने पर कई जगह नोटिस जारी किए गए हैं।

सरकार की चेतावनी
सरकार की ओर से Central Drugs Standard Control Organization (CDSCO) ने साफ चेतावनी दी है कि बिना डॉक्टर की पर्ची इन दवाओं की बिक्री पूरी तरह गैरकानूनी है और किसी भी तरह का भ्रामक विज्ञापन या प्रचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिसमें लाइसेंस रद्द करना, भारी जुर्माना लगाना और कानूनी कार्रवाई जैसे कदम शामिल हैं।

क्यों खतरनाक है ये दवाएं?
विशेषज्ञों के अनुसार GLP-1 drugs का गलत या बिना डॉक्टर की सलाह इस्तेमाल सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। इसके साइड इफेक्ट्स में उल्टी और मतली, पेट दर्द, हार्मोनल गड़बड़ी जैसी समस्याएं शामिल हैं, साथ ही अन्य कई स्वास्थ्य दिक्कतें भी पैदा हो सकती हैं, इसलिए इनका उपयोग हमेशा विशेषज्ञ की निगरानी में ही करना चाहिए। बता दें की ड्रग नियामक संस्था का कहना है कि इन दवाओं का इस्तेमाल केवल डॉक्टर की निगरानी में ही किया जाना चाहिए। मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आने वाले समय में निगरानी और सख्त की जाएगी।
वजन घटाने की दवाओं का सस्ता होना राहत जरूर है, लेकिन बिना डॉक्टर की सलाह इनका इस्तेमाल खतरनाक साबित हो सकता है। सरकार की यह कार्रवाई लोगों को जागरूक करने और दवाओं के दुरुपयोग को रोकने की दिशा में अहम कदम है।