
नारी डेस्क: दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया भारतीय टेलीविजन पर सबसे पसंदीदा जोड़ों में से एक हैं। अभिनेत्री अपनी शालीनता, सुंदरता और यादगार भूमिकाओं के लिए जानी जाती हैं, जबकि उनके पति ने अपने अभिनय और फिटनेस के लिए लोकप्रियता हासिल की। पर लगता है अब इनको भी किसी की नजर लग गई है। उनके अलग होने की खबरें सामने आ रही हैं, चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला

दिव्यांका त्रिपाठी के पति विवेक दहिया ने कथित तलाक की अफवाहों पर अपनी चुप्पी तोड़ी ही दी। हाल ही में एक कार्यक्रम में दहिया ने स्पष्ट किया कि तलाक की खबरें महज अफवाह हैं और कहा कि इस पर ध्यान देने के बजाय, वह और दिव्यांका इसे हंसी में उड़ा देते हैं।एबीपी न्यूज द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में एक्टर कहते हैं- "बहुत मज़े आ रहे हैं। मैं और दिव्यांका इस पर हंस रहे थे। हम लोग आइसक्रीम खाते-खाते सोच रहे थे और लंबा होगा तो पॉपकॉर्न भी मंगवा लेंगे।"

दहिया ने आगे कहा- "मैं यूट्यूब वीलॉग भी बनाता हूं। मुझे पता है कि ये क्लिकबेट हेडलाइंस कैसे काम करती हैं। आप कुछ सनसनीखेज डालते हैं और लोग इसे देखते हैं। लेकिन इनमें कुछ भी सच नहीं है। हमें ऐसी अवास्तविक चीजों को प्रोत्साहित नहीं करना चाहिए । आपको कुछ अनरियल लगे तो व्यूज मत बढ़ाओ, फालतू की जो न्यूज होती हैं वो आती रहती हैं, ये फेक एंटरटेनमेंट है।"

दिव्यांका त्रिपाठी अपनी लोकप्रियता के शिखर पर थीं जब उन्होंने 2016 में विवेक दहिया से शादी की थी। बनू मैं तेरी दुल्हन की अभिनेत्री ने बताया कि उनके पति विवेक दहिया इंडस्ट्री में अकेले आए थे। समय के साथ उनकी लोकप्रियता बढ़ती जा रही थी और वे अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उनसे शादी करने के बाद उनके लिए चीजें बदल गईं।