17 SEPTUESDAY2024 1:18:12 AM
Nari

Janmashtami 2024: श्रीकृष्ण को लगाए जाते हैं 56 भोग, जानिए 3 पौराणिक कथाएं

  • Edited By Vandana,
  • Updated: 20 Aug, 2024 09:02 PM
Janmashtami 2024: श्रीकृष्ण को लगाए जाते हैं 56 भोग, जानिए 3 पौराणिक कथाएं

नारी डेस्कः इस बार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 26 अगस्त को मनाई जाएगी। इस दिन लोग श्रीकृष्ण के बाल रूप की पूजा करते हैं और जन्माष्टमी व्रत भी रखते हैं। इस दिन श्रीकृष्ण जी को छप्पन भोग लगाने की परंपरा भी है। इस भोग को अन्नकूट के नाम से भी जाना जाता है। श्रीकृष्ण को अर्पित किए जाने वाले इन 56 व्यंजनों के अलग-अलग नाम होते हैं लेकिन श्रीकृष्ण को छप्पन भोग ही क्यों लगते हैं? क्या इस बारे में आप जानते हैं। दरअसल, 56 भोग से जुड़ी भी कई रोचक कथाएं हैं। चलिए उन्ही कथाों के बारे में आपको बताते हैं।

श्रीकृष्ण को छप्पन व्यंजनों का महाभोग लगाने की परंपरा 

वैसे तो भगवान श्री कृष्ण के छप्पन भोग से जुड़ी कई कथाएं हैं लेकिन सबसे प्रचलित कथा के अनुसार, कहा जाता है कि माता यशोदा अपने बाल गोपाल को रोज आठ प्रहर मतलब दिन में 8 बार भोजन कराती थीं लेकिन जब श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पूजा कराए जाने पर देवराज इंद्र बृजवासियों से नाराज हो गए थे तो उन्होंने क्रोध में खूब वर्षा बरसाई थी ताकि बृजवासी उनसे माफी मांगने पर मजबूर हो जाए लेकिन बृजवासियों की रक्षा के लिए श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी उंगली पर उठाया और सभी बृजवासियों को इसी पर्वत के नीचे आने को कहा था।

PunjabKesari, Nari Punjabkesari, Janmashtmi 2024

कहा जाता है कि श्रीकृष्ण ने 7 दिनों तक बिना खाए-पीए गोवर्धन पर्वत को उठाए रखा। जब इंद्र को अपनी भूल का अहसास हुआ तो उन्होंने खुद क्षमा मांगी। सातवें दिन जब बारिश रूकी तो उनकी मां यशोदा ने बृजवासियों संग मिलकर उन्होंने 7 दिनों के 8 पहर के हिसाब से  (7*8=56)  कान्हा के लिए छप्पन भोग बनाए थे। तभी से श्रीकृष्ण की पूजा में उन्हें छप्पन व्यंजनों का महाभोग लगाने की परंपरा है। इस भोज में दाल-भात, चटनी, कढ़ी, घेवर, दलिया, मक्खन, इलायची से लेकर जलेबी जैसे कई व्यंजन शामिल हैं।

गोपियों ने बनाए थे खुश होकर छप्पन भोग

एक अन्य मान्यता के अनुसार,  एक बार गोकुल की गोपियों ने श्रीकृष्ण को पति रूप में पाने के लिए एक माह तक लगातार यमुना नदी में स्नान किया और माता कात्यायनी की पूजा की ताकि श्री कृष्ण ही उन्हें पति रूप में मिले। जब ये बात श्रीकृष्ण को पता चली तो श्री कृष्ण ने सभी गोपियों को उनकी इच्छापूर्ति होने का आश्वासन दिया। इसी से खुश होकर गोपियों ने श्री कृष्ण के लिए अलग-अलग छप्पन प्रकार के व्यंजन बनाए। छप्पन भोग में वही व्यंजन होते हैं जो मुरली मनोहर को पंसद थे। ज्यादातर इसमें अनाज, फल, ड्राई फ्रूट्स, मिठाई, पेय पदार्थ, नमकीन और अचार जैसी चीजें शामिल होती हैं।

छप्पन भोगी से जुड़ी एक अन्य कहानी के मुताबिक,  गौ लोक में श्रीकृष्‍ण और राधा एक दिव्य कमल पर विराजते हैं। उस कमल की 3 परतों में 56 पंखुड़ियां होती हैं और हर एक पंखुड़ी पर एक प्रमुख सखी और बीच में भगवान विराजते हैं इसलिए भी श्रीकृष्ण को 56 भोग लगाया जाता है। 

छप्पन भोग से जुड़ा गणित 

छप्पन भोग से जुड़ा गणित भी है। जैसेः कड़वा, तीखा, कसैला, अम्ल, नमकीन और मीठा ये छह रस या स्वाद होते हैं। इन 6 रसों के मेल से 56 प्रकार से अधिकतम के खाने योग्य व्यंजन बनाए जा सकते हैं इसलिए 56 भोग का मतलब है कि हम भगवान को भोग के रूप में सभी प्रकार का खाना अर्पित कर सकते हैं। 

PunjabKesari, Chhapan Bhog

यहां पढ़िए छप्पन भोग के नाम ...

1) भक्त (भात),2) सूप (दाल),3) प्रलेह (चटनी),4) सदिका (कढ़ी),5) दधिशाकजा (दही शाक की कढ़ी),6) सिखरिणी (सिखरन),7) अवलेह (शरबत),8) बालका (बाटी) 9) इक्षु खेरिणी (मुरब्बा),10) त्रिकोण (शर्करा युक्त),11) बटक (बड़ा),12) मधु शीर्षक (मठरी),13) फेणिका (फेनी),14) परिष्टाश्च (पूरी),15) शतपत्र (खजला),16) सधिद्रक (घेवर)17) चक्राम (मालपुआ),18) चिल्डिका (चोला),19) सुधाकुंडलिका (जलेबी),20) धृतपूर (मेसू),21) वायुपूर (रसगुल्ला),22) चन्द्रकला (पगी हुई),23) दधि (महारायता),24) स्थूली (थूली)25. कर्पूरनाड़ी (लौंगपूरी), 26. खंड मंडल (खुरमा), 27. गोधूम (दलिया), 28. परिखा, 29. सुफलाढय़ा (सौंफ युक्त), 30. दधिरूप (बिलसारू), 31. मोदक (लड्डू), 32. शाक (साग) 33. सौधान (अधानौ अचार), 34. मंडका (मोठ), 35. पायस (खीर) 36. दधि (दही), 37. गोघृत, 38. हैयंगपीनम (मक्खन), 39. मंडूरी (मलाई), 40. कूपिका 41. पर्पट (पापड़), 42. शक्तिका (सीरा), 43. लसिका (लस्सी), 44. सुवत, 45. संघाय (मोहन), 46. सुफला (सुपारी), 47. सिता (इलायची), 48. फल, 49. तांबूल, 50. मोहन भोग, 51. लवण, 52. कषाय, 53. मधुर, 54. तिक्त, 55. कटु, 56. अम्ल।

अब तो आप जान गए होंगे कि श्रीकृष्ण को छप्पन भोग क्यों लगाए जाते थे। अगर आप भी छप्पन भोग से जुड़ी कोई पौराणिक कथा जानते हैं तो हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं। इस बार आप लल्ला को किस व्यंजन का भोग लगाने वाले हैं हमें जरूर बताएं। 

Related News