06 DECSATURDAY2025 12:42:09 AM
Nari

इंसाफ ना मिलने पर टूट गई है सुशांत की बहन, भाई की 4वीं पुण्यतिथि पर बोली- मैं हार गई हूं

  • Edited By vasudha,
  • Updated: 14 Jun, 2024 11:09 AM
इंसाफ ना मिलने पर टूट गई है सुशांत की बहन, भाई की 4वीं पुण्यतिथि पर बोली- मैं हार गई हूं

सुशांत सिंह राजपूत ये नाम और उनका मासूम चेहरा शायद ही कोई भुला होगा। आज भी सुशांत का जिक्र होते ही मन में यही ख्याल आता है कि काश ये जिंदा होता। आज से ठीक चार साल पहले पूरा देश सदमे में चला गया था जब पता चला कि सुशांत नाम का सितारा इस दुनिया को छोड़ कर चला गया है। उनके फैन लाख कोशिश के बाद भी उन्हें भूला नहीं पाए हैं, ऐसे में जरा सोचिए उनके परिवार वालों का क्या हाल होगा जिन्होंने अपने जिगर के टुकड़े को हमेशा- हमेशा के लिए खो दिया।

 

आज एक बार फिर सुशांत सिंह राजपूत की बहन का दर्द छलक पड़ा। एकलौते भाई को खोना किसी के लिए भी आसान नहीं है। श्वेता सिंह कीर्ति ने दिवंगत एक्टर की याद में बेहद ही दुख भरा नोट शेयर किया है। श्वेता ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर लिखा- 'भाई, आपको हमें छोड़े हुए 4 साल हो गए हैं और हम अभी भी नहीं जानते कि 14 जून, 2020 को क्या हुआ था। आपकी मौत एक रहस्य बनी हुई है। मैं असहाय महसूस करती हूं और सच्चाई के लिए अधिकारियों से अनगिनत बार गुहार लगा चुकी हूं। 

 सुशांत की बहन आगे लिखती है- मैं अपना धैर्य खो रही हूं और हार मानने का मन कर रहा है। लेकिन आज, आखिरी बार, मैं हर उस इंसान से पूछना चाहती हूं जो इस मामले में मदद कर सकता है, अपने दिल पर हाथ रखें और खुद से पूछें: क्या हम यह जानने के लायक नहीं हैं कि हमारे भाई सुशांत के साथ क्या हुआ? यह एक राजनीतिक एजेंडा क्यों बन गया है? यह इतना सीधा क्यों नहीं हो सकता कि यह बताया जाए कि उस दिन क्या पाया गया और माना जाता है कि क्या हुआ था? मैं अनुरोध और विनती कर रही हूं कि हमें एक परिवार के रूप में आगे बढ़ने में मदद करें। हमें वह समापन दें जिसके हम हकदार हैं।'

एक अन्य पोस्ट में श्वेता ने लिखा-  'क्या इस क्रूर दुनिया में इतना प्योर होना और प्यार करना उसकी गलती थी? सुशांत के साथ अन्याय के 4 साल हो गए। क्या वह इसके लायक है?' इस पोस्ट के साथ श्वेता ने एक अनदेखा वीडियो भी शेयर किया है जिसमें वह अपनी बहनों के साथ समय बिताते नजर आ रहे हैं। एक अन्य वीडियो में सुशांत के पिता अपने बेटे की तस्वीर के आगे बैठे नजर आ रहे हैं। उनके चेहरे पर मायूसी साफ नजर आ रही है। 

याद हो कि 34 साल के सुशांत सिंह राजपूत की मौत 14 जून 2020 को हुई थी, वे मुंबई के अपने फ़्लैट में मृत पाये गए थे। उनकी मौत की खबर ने पूरी दुनिया को हिला कर रख दिया था। 'पीके', 'छिछोरे', 'एमएस धोनी' में अपनी दमदार एक्टिंग से लोगों के दिलों में राज करने वाले सुशांत ने अपनी एक अलग दुनिया बना रखी थी। तभी तो उन्होंने चांद पर प्लॉट भी खरीदा था। हालांकि सुशांत के बहुत से सपने ऐसे थे जो हमेशा- हमेशा के लिए अधूरे रह गए। 

Related News