23 JUNSUNDAY2024 7:57:54 PM
Nari

राजनीति में भी हिट रहे फिल्मी सितारे,  इस बार संसद में पहुंचेंगे ये सेलेब्स

  • Edited By vasudha,
  • Updated: 05 Jun, 2024 06:52 PM
राजनीति में भी हिट रहे फिल्मी सितारे,  इस बार संसद में पहुंचेंगे ये सेलेब्स

इस लोकसभा चुनाव में मतदाताओं ने कई नए तो कई पुराने सेलिब्रिटी चेहरों को अपने जनप्रतिनिधि के रूप में पसंद किया है, जिनमें पहली बार सांसद बनने वाले कंगना रनौत और अरुण गोविल से लेकर हेमा मालिनी और मनोज तिवारी तक हैं। देश की 543 लोकसभा सीट के लिए सात चरणों में 19 अप्रैल से एक जून तक हुए चुनाव में फिल्मी दुनिया के कई नामचीन लोग मैदान में थे। हिंदी फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लंबे समय से समर्थक रनौत ने गृह राज्य हिमाचल प्रदेश के मंडी संसदीय क्षेत्र से पहला चुनाव जीता है। उन्होंने छह बार राज्य के मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह को हराया है। 

PunjabKesari

कंगना को लेकर लोग उत्साहित

कई बार अपने बयानों से विवाद में रहीं कंगना ने कहा था कि चुनाव जीतने के बाद अपना जीवन जन सेवा को समर्पित कर देंगी। सांसद के रूप में वह किस तरह काम करती हैं, इसे लेकर लोगों में काफी उत्सुकता है। इसी तरह धारावाहिक ‘रामायण' में राम का किरदार निभाकर मशहूर हुए अरुण गोविल को भाजपा ने पहली बार चुनाव में उतारा था। मेरठ लोकसभा सीट से उन्होंने समाजवादी पार्टी की सुनीता वर्मा को 10,585 मतों के अंतर से हराया है। हिंदी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री हेमा मालिनी लगातार तीसरी बार मथुरा संसदीय क्षेत्र से निर्वाचित हुई हैं। उन्होंने कांग्रेस के मुकेश धनगर को हराया है। 

 

 शत्रुघ्न सिन्हा को भी मिली जीत

केरल में अभिनय से राजनीति में आए भाजपा उम्मीदवार सुरेश गोपी ने त्रिशूर सीट पर पहली बार जीत हासिल की है। उन्होंने भाकपा के वी.एस. सुनीलकुमार को हराया है। पश्चिम बंगाल की आसनसोल संसदीय सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार और दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के एस.एस. अहलूवालिया को शिकस्त दी है। वह इससे पहले भाजपा और कांग्रेस के सदस्य रह चुके हैं। उन्होंने 2022 में तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया और आसनसोल लोकसभा उपचुनाव में जीत हासिल की। 

PunjabKesari

 मनोज तिवारी पर भी लोगों ने जताया भरोसा

भोजपुरी अभिनेता और गायक मनोज तिवारी ने उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट से कांग्रेस के कन्हैया कुमार को पराजित किया है। वह भी इस सीट से लगातार तीसरी बार भाजपा सांसद के रूप लोकसभा पहुंचे हैं। दिल्ली में भाजपा ने उन्हें छोड़कर बाकी छह सीट पर उम्मीदवार बदल दिए थे। भोजपुरी सिनेमा जगत के एक और मशहूर कलाकार रवि किशन ने भी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से समाजवादी पार्टी की काजल निषाद को हराकर दूसरी बार लोकसभा में जाने का मौका प्राप्त किया है। 

PunjabKesari

सायनी घोष ने  भी जीत की दर्ज

पूर्व अदाकारा और भाजपा सांसद स्मृति ईरानी उत्तर प्रदेश के अमेठी से कांग्रेस प्रत्याशी किशोरी लाल शर्मा से इस चुनाव में हार गई हैं। सांसद और अभिनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ भी इस बार समाजवादी पार्टी के धर्मेंद्र यादव के सामने जीतने में विफल रहे। अभिनेता और जनसेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण ने आंध्र प्रदेश की पिथापुरम विधानसभा सीट पर वाईएसआर कांग्रेस की वी.गंगा को पराजित किया है। बांग्ला फिल्मों में अभिनय करते हुए राजनीति में आईं तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार जून मलिया ने मेदिनीपुर निर्वाचन क्षेत्र में कड़े मुकाबले में भाजपा की अग्निमित्रा पॉल को हरा दिया। मलिया मेदिनीपुर से पश्चिम बंगाल विधानसभा की सदस्य चुनी गई थीं। बांग्ला फिल्म और टेलीविजन की अभिनेत्री सायनी घोष ने पश्चिम बंगाल की जादवपुर सीट से भाजपा के अनिर्बान गांगुली को हरा दिया है। सायनी को इस बार अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती की जगह टिकट दिया गया था जो 2019 के चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर जीती थीं।

 

इन हस्तियों का भी है राजनीति से गहरा नाता

दशकों से फिल्मी हस्तियों और भारतीय राजनीति का गहरा नाता रहा है। सिनेमा जगत के नरगिस, सुनील दत्त, राजेश खन्ना, विनोद खन्ना, अमिताभ बच्चन और मुनमुन सेन जैसे चेहरे भी एक समय राजनीति में उतर चुके हैं। ‘रामायण' में सीता का किरदार निभा चुकीं दीपिका चिखलिया, रावण का किरदार अदा करने वाले अरविंद त्रिवेदी और ‘महाभारत' में कृष्ण के रूप में लोकप्रिय हुए नीतीश भारद्वाज भी निचले सदन के सदस्य रह चुके हैं। दक्षिण भारत में भी एन.टी. रामा राव, एम.जी. रामचंद्रन और जे. जयललिता जैसे दिग्गज राजनेता अभिनय की दुनिया से ही सियासत में आए थे। इनके अलावा कमल हासन, विजय, प्रकाश राज, भगवंत मान, परेश रावल, उर्मिला मातोंडकर, गोविंदा और किरण खेर जैसे अभिनय से जुड़े लोग भी राजनीति में सक्रिय रहे हैं। 
 

Related News