नारी डेस्क : गर्भावस्था के दौरान शिशु का सही वजन उसके स्वस्थ विकास का अहम संकेत माना जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, अगर जन्म के समय बच्चे का वजन कम होता है, तो आगे चलकर उसके स्वास्थ्य पर इसका असर पड़ सकता है। ऐसे में गर्भवती महिलाओं को अपनी डाइट, जीवनशैली और नियमित जांच पर खास ध्यान देने की जरूरत होती है।
हफ्तों के अनुसार भ्रूण का सामान्य वजन
डॉक्टरों के मुताबिक, गर्भ में शिशु का वजन हर हफ्ते बढ़ता है।
20वें हफ्ते तक शिशु का वजन करीब 300 ग्राम होता है
28वें हफ्ते तक लगभग 1 किलो
32वें हफ्ते तक करीब 1.7 किलो
40वें हफ्ते (डिलीवरी के समय) लगभग 3 से 3.5 किलो
हालांकि, यह वजन हर महिला के अनुसार थोड़ा अलग हो सकता है।

कैसे पता चलता है शिशु का वजन?
भ्रूण का वजन जानने के लिए डॉक्टर अल्ट्रासाउंड टेस्ट करते हैं। इसमें सिर, पेट और हड्डियों के माप के आधार पर शिशु के विकास और वजन का अनुमान लगाया जाता है।
वजन बढ़ाने के लिए क्या करें?
अगर रिपोर्ट में शिशु का वजन कम आता है, तो डॉक्टर ये उपाय अपनाने की सलाह देते हैं
संतुलित और पौष्टिक आहार लें
दाल, दूध, अंडा, हरी सब्जियां और फल शामिल करें
ड्राई फ्रूट्स सीमित मात्रा में खाएं
पर्याप्त पानी पिएं
डॉक्टर द्वारा बताए गए प्रीनेटल विटामिन लें।

इन चीजों को डाइट में करें शामिल
विशेषज्ञों के अनुसार, ये खाद्य पदार्थ शिशु का वजन बढ़ाने में मदद करते हैं
शकरकंद, दालें और बींस
संतरे का जूस और दही
हरी पत्तेदार सब्जियां
दूध, अंडा, चिकन और सोयाबीन।
किन चीजों से बचना जरूरी?
शराब और सिगरेट का सेवन बिल्कुल न करें
ज्यादा चाय और कॉफी से बचें
तली-भुनी और मीठी चीजों का सेवन कम करें।

डॉक्टरों का कहना है कि गर्भावस्था में सही पोषण, नियमित जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर शिशु के वजन को संतुलित रखा जा सकता है।