14 AUGFRIDAY2026 12:52:40 AM
Nari

बाल-त्वचा ही नहीं, नसों पर भी असर डाल सकती है VitaminB12 की कमी

  • Edited By Monika,
  • Updated: 13 Aug, 2026 09:14 PM
बाल-त्वचा ही नहीं, नसों पर भी असर डाल सकती है VitaminB12 की कमी

नारी डेस्क : विटामिन B12 शरीर के लिए जरूरी पोषक तत्वों में से एक है। यह DNA बनाने, लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण और नर्वस सिस्टम को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। शरीर में इसकी कमी होने पर शुरुआत में थकान या कमजोरी जैसे सामान्य लक्षण नजर आ सकते हैं, लेकिन लंबे समय तक कमी रहने पर नसों से जुड़े लक्षण भी हो सकते हैं। कई बार लोग इन संकेतों को सामान्य कमजोरी, नींद की कमी या दूसरी वजहों से जोड़कर नजरअंदाज कर देते हैं। ऐसे में अगर लक्षण लगातार बने रहें, तो डॉक्टर से सलाह लेकर ब्लड टेस्ट करवाना जरूरी है।

Vitamin B12 की कमी के शरीर पर दिख सकते हैं ये संकेत

हर समय थकान और कमजोरी: Vitamin B12 की कमी से शरीर पर्याप्त स्वस्थ लाल रक्त कोशिकाएं नहीं बना पाता, जिससे एनीमिया हो सकता है। इसके कारण लगातार थकान, कमजोरी, ऊर्जा की कमी, सिरदर्द या सांस फूलने जैसी समस्या महसूस हो सकती है।

PunjabKesari

हाथ-पैर में झनझनाहट या सुन्नपन: विटामिन B12 की कमी का असर नर्वस सिस्टम पर भी पड़ सकता है। हाथ-पैर में झनझनाहट, सुन्नपन, कमजोरी या चलने-बैलेंस बनाने में परेशानी इसके संकेत हो सकते हैं। इन लक्षणों को लंबे समय तक नजरअंदाज करना ठीक नहीं है, क्योंकि कुछ न्यूरोलॉजिकल समस्याएं इलाज में देरी होने पर स्थायी भी हो सकती हैं।

जीभ में दर्द या लालिमा: B12 की कमी में जीभ लाल, सूजी हुई या दर्दनाक हो सकती है। कुछ लोगों को मुंह में छाले भी हो सकते हैं।

होंठों के किनारों पर दरारें: होंठों के कोनों पर बार-बार कटना या दरार पड़ना यानी angular cheilitis भी Vitamin B12 की कमी से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, इसके पीछे अन्य कारण भी हो सकते हैं, इसलिए केवल इस लक्षण के आधार पर B12 की कमी मान लेना सही नहीं है।

यें भी पढ़ें : थायराइड में सिर्फ वजन ही नहीं बढ़ता, शरीर में होती हैं ये 7 बड़ी परेशानियां

याददाश्त और एकाग्रता पर असर: B12 की कमी से याददाश्त, सोचने-समझने और ध्यान केंद्रित करने में परेशानी हो सकती है। कुछ लोगों में मूड में बदलाव, चिंता या डिप्रेशन जैसे लक्षण भी देखे जा सकते हैं।

त्वचा का पीला या फीका पड़ना: Vitamin B12 की कमी से होने वाले एनीमिया में त्वचा सामान्य से ज्यादा पीली या फीकी दिखाई दे सकती है। इसके साथ कमजोरी और थकान भी हो सकती है।

PunjabKesari

भूख कम लगना और वजन घटना: कुछ लोगों में Vitamin B12 की कमी के दौरान भूख कम लगना और बिना कोशिश के वजन कम होना भी देखा जा सकता है। हालांकि, इन लक्षणों के कई दूसरे कारण भी हो सकते हैं।

क्या बाल झड़ना, सफेद बाल या डार्क सर्कल भी B12 की कमी के संकेत हैं?

बाल झड़ना, समय से पहले बाल सफेद होना या आंखों के नीचे डार्क सर्कल जैसी समस्याओं को केवल Vitamin B12 की कमी का पक्का संकेत नहीं माना जा सकता। इनके पीछे आनुवंशिक कारण, तनाव, नींद की कमी, पोषण की दूसरी कमियां और कई अन्य कारण हो सकते हैं। इसलिए इन लक्षणों को देखकर खुद से B12 सप्लीमेंट शुरू करने के बजाय डॉक्टर से सलाह लेना और जरूरत पड़ने पर जांच करवाना बेहतर है।

यें भी पढ़ें : इन 9 आकार के होते है महिलाओं के स्तन, किस Breast Shapes के लिए कौन-सी Bra रहेगी फिट

किन लोगों में B12 की कमी का खतरा ज्यादा हो सकता है?

Vitamin B12 प्राकृतिक रूप से मुख्य रूप से मांस, मछली, अंडे, दूध और अन्य डेयरी उत्पादों जैसे पशु-आधारित खाद्य पदार्थों में पाया जाता है। जो लोग लंबे समय तक इन खाद्य पदार्थों का सेवन नहीं करते, खासकर वेगन डाइट लेने वाले लोग, उनमें कमी का जोखिम बढ़ सकता है। इसके अलावा शरीर में B12 के अवशोषण से जुड़ी समस्या, पेट या आंतों की कुछ बीमारियां और कुछ दवाएं भी कमी का कारण बन सकती हैं।

PunjabKesari

Vitamin B12 की कमी कैसे कंफर्म होती है?

सिर्फ लक्षणों के आधार पर Vitamin B12 की कमी की पुष्टि नहीं की जा सकती। डॉक्टर आमतौर पर लक्षणों के साथ ब्लड टेस्ट की मदद से B12 स्तर और अन्य संबंधित रक्त मानकों की जांच करते हैं। जरूरत पड़ने पर कमी के कारण का पता लगाने के लिए अतिरिक्त जांच भी की जा सकती है।

इन बातों का ध्यान रखें: अगर लगातार थकान, हाथ-पैर में झनझनाहट या सुन्नपन, कमजोरी, याददाश्त में बदलाव या संतुलन बनाने में परेशानी जैसे लक्षण हैं, तो डॉक्टर से सलाह लें। Vitamin B12 की कमी का इलाज कारण के अनुसार टैबलेट या इंजेक्शन से किया जा सकता है।

Related News