नारी डेस्क: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने श्रद्धालुओं को ब्रज धाम की आध्यात्मिक यात्रा का विशेष उपहार देते हुए ‘विजिट माय स्टेट उत्तर प्रदेश' अभियान के तहत उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने तीन दिन और दो रात का ‘कृष्ण लीला' टूर पैकेज शुरू किया है। इस विशेष पैकेज के तहत श्रद्धालुओं को मथुरा, वृंदावन, गोकुल और बरसाना समेत भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़े प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।

बढ़ रही है पर्यटकों की संख्या
यात्रा का शुभारंभ लखनऊ से सुबह आठ बजे होगा। अधिकारियों के अनुसार यह पैकेज आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ कृष्ण-ब्रज सर्किट को और मजबूत करेगा। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि ‘कृष्ण लीला' टूर पैकेज‘विजिट माय स्टेट उत्तर प्रदेश' अभियान की व्यापक सोच का हिस्सा है, जिसके माध्यम से प्रदेश की धार्मिक पर्यटन विरासत को देश-विदेश के अधिकाधिक श्रद्धालुओं और पर्यटकों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस पहल से कृष्ण-ब्रज सकिर्ट को मजबूती मिलेगी और श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े प्रमुख लीलास्थलों के दर्शन का अवसर मिलेगा। सिंह ने कहा कि ब्रज क्षेत्र की बढ़ती लोकप्रियता का अंदाजा यहां लगातार बढ़ रही पर्यटकों की संख्या से लगाया जा सकता है।
पैकेज में मिलेगी ये सुविधाएं
वर्ष 2025 में मथुरा में 10.24 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों का आगमन हुआ, जबकि ब्रज रंगोत्सव-2025 में 44 लाख से अधिक लोगों ने सहभागिता की। वर्ष 2026 के पहले तीन महीनों में ही करीब 1.90 करोड़ पर्यटकों के आगमन से स्पष्ट है कि ब्रज क्षेत्र देश के तेजी से उभरते आध्यात्मिक पर्यटन स्थलों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।। यात्रियों के लिए वातानुकूलित सेडान और क्रिस्टा वाहनों की व्यवस्था की गई है। सेडान वाहन का पैकेज प्रति व्यक्ति 10,400 रुपये, जबकि क्रिस्टा वाहन का पैकेज प्रति व्यक्ति 10,150 रुपये निर्धारित किया गया है। दोनों श्रेणियों में यात्रा के लिए कम से कम दो यात्रियों का होना अनिवार्य है। पैकेज में आवास, नाश्ता, जलपान, हाई-टी, प्रशिक्षित गाइड और स्थानीय दर्शनीय स्थलों का भ्रमण समेत अन्य आवश्यक सुविधाएं शामिल हैं। हालांकि दोपहर और रात्रि के भोजन की व्यवस्था तथा उसका खर्च यात्रियों को स्वयं वहन करना होगा।

ये होगा पूरा शेड्यूल
तीन दिवसीय यात्रा के पहले दिन श्रद्धालुओं को वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर, रंगजी मंदिर, निधिवन, वैष्णो देवी मंदिर, अक्षय पात्र मंदिर और प्रेम मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। दूसरे दिन मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि, द्वारकाधीश मंदिर, विश्राम घाट, भूतेश्वर महादेव मंदिर, गोवर्धन धाम, संग्रहालय, गीता मंदिर, पोतरा कुंड और गोकुल गांव का भ्रमण कराया जाएगा। तीसरे और अंतिम दिन श्रद्धालु बरसाना स्थित राधारानी मंदिर, इस्कॉन मंदिर और श्री राधा दामोदर मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे। यूपीएसटीडीसी के अध्यक्ष अमृत अभिजात ने कहा कि‘कृष्ण लीला'टूर पैकेज को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और आध्यात्मिक अनुभव को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पैकेज देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों के बीच ब्रज सकिर्ट को विशिष्ट पहचान दिलाने के साथ उत्तर प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को नई गति प्रदान करेगा।