नारी डेस्क : शरीर में कभी-कभार खुजली होना सामान्य बात है, लेकिन अगर किसी खास जगह पर कई दिनों या हफ्तों तक लगातार खुजली बनी रहे, तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। कई बार यह केवल त्वचा की समस्या नहीं होती, बल्कि शरीर के अंदर चल रही किसी गंभीर बीमारी का शुरुआती संकेत भी हो सकती है। डॉक्टर के अनुसार, शरीर के तीन ऐसे हिस्से हैं जहां लगातार खुजली होना लिवर, किडनी या ब्लड शुगर जैसी समस्याओं की ओर इशारा कर सकता है। आइए जानते हैं इन संकेतों के बारे में।
हथेलियां और पैर के तलवों में लगातार खुजली
अगर रात के समय आपकी हथेलियों और पैरों के तलवों में बार-बार या लगातार खुजली होती है, तो यह लिवर से जुड़ी समस्या का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में शरीर में बाइल एसिड जमा होने लगता है, जिससे तेज खुजली महसूस हो सकती है।

इन लक्षणों पर भी दें ध्यान
आंखों या त्वचा का पीला पड़ना
अत्यधिक थकान
पेट के दाईं ओर दर्द
भूख कम लगना
यदि खुजली के साथ ये लक्षण भी दिखाई दें, तो डॉक्टर से सलाह लेकर लिवर फंक्शन टेस्ट (LFT) कराना उचित हो सकता है।
पिंडलियों और टखनों में खुजली
अगर शाम के समय या लंबे समय तक खड़े रहने पर पिंडलियों और टखनों में खुजली बढ़ जाती है, तो यह हाई ब्लड शुगर या पैरों की नसों से जुड़ी समस्या का संकेत हो सकता है। जब ब्लड शुगर लंबे समय तक अधिक रहती है, तो त्वचा में रूखापन और नसों को नुकसान होने की वजह से खुजली हो सकती है। वहीं, पैरों की नसों के कमजोर होने पर खून का प्रवाह प्रभावित होता है, जिससे सूजन, भारीपन और खुजली की समस्या हो सकती है।

पीठ और बाजुओं के ऊपरी हिस्से में खुजली
अगर आपकी पीठ या बाजुओं के ऊपरी हिस्से में लगातार खुजली बनी रहती है और कोई स्पष्ट स्किन एलर्जी नहीं है, तो यह किडनी की कार्यक्षमता प्रभावित होने का संकेत हो सकता है। किडनी ठीक से काम न करने पर शरीर में कुछ अपशिष्ट पदार्थ और खनिज जमा होने लगते हैं, जिससे त्वचा में लगातार खुजली की शिकायत हो सकती है।
कब तुरंत डॉक्टर से मिलें?
यदि खुजली के साथ नीचे दिए गए लक्षण भी हों, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें
खुजली 2-3 सप्ताह से अधिक समय तक बनी रहे
त्वचा या आंखों का पीला पड़ना
पैरों में सूजन या अत्यधिक थकान
बार-बार प्यास लगना या पेशाब आना
बिना कारण वजन घटना।
शरीर पर दाने, खून या संक्रमण के लक्षण।

अगर ऐया हो तो क्या करें?
खुजली को नजरअंदाज न करें।
पर्याप्त पानी पिएं और त्वचा को मॉइस्चराइज रखें।
बिना डॉक्टर की सलाह के बार-बार दवा या क्रीम का इस्तेमाल न करें।
जरूरत पड़ने पर LFT, KFT, ब्लड शुगर और अन्य जांच डॉक्टर की सलाह से कराएं।
ध्यान दें: लगातार खुजली हमेशा लिवर, किडनी या डायबिटीज का ही संकेत नहीं होती। इसके पीछे एलर्जी, एक्जिमा, फंगल इंफेक्शन, दवाओं के साइड इफेक्ट या अन्य कारण भी हो सकते हैं। सही कारण जानने के लिए चिकित्सकीय जांच जरूरी है।