31 AUGMONDAY2026 7:19:52 PM
Life Style

घर पर मार खाती थी और बाहर अवॉर्ड लेती थी’, Actress ने बयां किया पहली शादी का दर्द

  • Edited By Monika,
  • Updated: 28 Aug, 2026 04:57 PM
घर पर मार खाती थी और बाहर अवॉर्ड लेती थी’, Actress ने बयां किया पहली शादी का दर्द

नारी डेस्क : टीवी एक्ट्रेस काम्या पंजाबी अपनी बेबाकी के लिए जानी जाती हैं। वह अक्सर अपनी जिंदगी के मुश्किल दौर और निजी अनुभवों को लेकर खुलकर बात करती रही हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में उन्होंने अपनी पहली शादी के दौरान झेले गए दर्दनाक दौर को याद किया। काम्या ने बताया कि वह घरेलू हिंसा का शिकार हुई थीं और कई बार चेहरे पर लगे चोट के निशान छिपाकर उन्हें काम पर जाना पड़ता था। उन्होंने बताया कि कई मौकों पर वह वैनिटी वैन में फूट-फूटकर रोती थीं, लेकिन कैमरे के सामने आते ही खुद को सामान्य दिखाने की कोशिश करती थीं। काम्या के मुताबिक, उस दौर में उनकी जिंदगी बाहर से जितनी सामान्य दिखाई देती थी, अंदर से उतनी ही दर्दनाक थी।

25 साल की उम्र में हुई थी पहली शादी

सिद्धार्थ कन्नन को दिए इंटरव्यू में काम्या ने अपनी पहली शादी के दिनों को याद किया। उन्होंने बताया कि जब उनकी शादी हुई, तब वह महज 25 साल की थीं। शादी से पहले वह और बंटी नेगी करीब तीन साल तक रिलेशनशिप में थे। हालांकि, काम्या के मुताबिक, उनका रिश्ता शुरुआत से ही आसान नहीं था। शादी से पहले भी दोनों के बीच अक्सर झगड़े और अनबन होती थी। उनका कहना है कि शायद उस समय ही दोनों को समझ जाना चाहिए था कि वे एक-दूसरे के लिए सही पार्टनर नहीं हैं।

PunjabKesari

माता-पिता ने भी किया था समझाने का प्रयास

काम्या ने बताया कि उनके माता-पिता ने भी उन्हें इस रिश्ते को लेकर समझाया था। परिवार को लगता था कि यह रिश्ता उनके लिए सही नहीं है, लेकिन उस समय काम्या ने किसी की बात नहीं मानी। उन्होंने बताया कि पहला प्यार अक्सर इंसान को यह विश्वास दिला देता है कि सामने वाला ही उसकी पूरी दुनिया है। इसी सोच के कारण उन्होंने तमाम परेशानियों के बावजूद इस रिश्ते को आगे बढ़ाने का फैसला किया।

रिश्ता बचाने की हर कोशिश की

काम्या ने बताया कि उन्होंने इस रिश्ते को बचाने की पूरी कोशिश की। वह नहीं चाहती थीं कि अलग होने के बाद उन्हें कभी यह महसूस हो कि उन्होंने रिश्ते को बचाने के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं किया। उन्होंने कहा कि लोग आज उनसे कहते हैं कि उन्होंने अपनी जिंदगी के 13 साल बर्बाद कर दिए, लेकिन काम्या इसे इस तरह नहीं देखतीं। उनका कहना है कि उन्होंने अपनी तरफ से रिश्ते को बचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी, ताकि बाद में उन्हें खुद से कोई शिकायत न रहे।

यें भी पढ़ें : लिवर कैंसर में कहां होता है दर्द? जानें लिवर कैंसर की पहचान और शुरुआती लक्षण

‘मैंने घरेलू हिंसा झेली है’

काम्या ने पहली शादी के दौरान घरेलू हिंसा का सामना करने की बात भी कही। उन्होंने बताया कि कई बार उन्हें घर से बाहर निकलने से पहले चेहरे पर लगे चोट के निशान मेकअप से छिपाने पड़ते थे। काम्या ने एक अवॉर्ड समारोह से जुड़ा किस्सा याद करते हुए बताया कि उस समय उन्हें खुद पर शर्म महसूस हो रही थी। उनके मन में सवाल था कि आखिर वह किस तरह की जिंदगी जी रही हैं। एक तरफ घर में उनके साथ मारपीट हो रही थी और दूसरी तरफ वह बाहर जाकर अवॉर्ड ले रही थीं। उनके लिए यह स्थिति बेहद दर्दनाक और विरोधाभासी थी।

PunjabKesari

घंटों कमरे में बंद होकर रोती थीं

काम्या ने बताया कि उस दौर में कई बार वह खुद को कमरे में बंद कर घंटों रोती रहती थीं। कुछ मौकों पर उन्होंने पूरी रात बाथरूम में बिताई। उन्होंने एक कॉमेडी शो के रिहर्सल के दिनों को याद करते हुए बताया कि वह चेहरे के निशान छिपाने के लिए भारी मेकअप करके सेट पर जाती थीं। बाहर से किसी को अंदाजा नहीं होता था कि वह किस मानसिक और भावनात्मक स्थिति से गुजर रही हैं। वैनिटी वैन में वह कई बार फूट-फूटकर रोती थीं, लेकिन सेट पर बाहर निकलते ही सबकुछ सामान्य होने का दिखावा करती थीं।

बेटी आरा ने बदल दिया उनका फैसला

काम्या के लिए उनकी बेटी आरा एक बड़ा टर्निंग पॉइंट बनीं। उन्होंने बताया कि एक दिन उनकी बेटी ने उनके और उनके पार्टनर के बीच हुआ झगड़ा देख लिया। इस घटना ने काम्या को अंदर तक झकझोर दिया। उन्हें महसूस हुआ कि जिस रिश्ते को वह अब तक किसी तरह बचाने की कोशिश कर रही थीं, उसका असर उनकी बेटी पर भी पड़ रहा है। इसके बाद उन्होंने इस टॉक्सिक रिश्ते से बाहर निकलने का फैसला किया।

यें भी पढ़ें : घटेगा खराब Cholesterol कम होगा हार्ट अटैक का खतरा, सिर्फ 2 दिन खाएं ये एक ब्रेकफास्ट

13 साल बाद खत्म हुआ रिश्ता

काम्या पंजाबी की पहली शादी बिजनेसमैन बंटी नेगी से हुई थी। दोनों की एक बेटी आरा है। करीब 13 साल तक चले इस रिश्ते के बाद दोनों अलग हो गए। इसके बाद काम्या की जिंदगी में दोबारा प्यार आया। साल 2020 में उन्होंने शलभ डांग से शादी की और अपनी जिंदगी की नई शुरुआत की।

Related News