
नारी डेस्क : दिग्गज अभिनेता अन्नू कपूर एक बार फिर तमन्ना भाटिया को लेकर दिए अपने पुराने बयान पर सफाई देते नजर आए हैं। अन्नू कपूर ने तमन्ना के लिए ‘दूधिया बदन’ शब्द का इस्तेमाल किया था, जिसके बाद उनके बयान को लेकर काफी विवाद हुआ था। अब अभिनेता ने एक बार फिर अपने शब्दों का संदर्भ समझाते हुए कहा कि उनकी बात को गलत नजरिए से लिया गया। अन्नू कपूर ने अंग्रेजी और हिंदी में इस्तेमाल किए जाने वाले शब्दों को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने सवाल किया कि अगर किसी महिला के लिए अंग्रेजी में ‘Milky Body’ जैसे शब्द का इस्तेमाल किया जाए और उस पर आपत्ति न हो, तो हिंदी में ‘दूधिया बदन’ कहने पर विवाद क्यों हुआ?
मेरी बात को गलत तरीके से देखा गया
अन्नू कपूर ने कहा कि उनके बयान को उस संदर्भ में नहीं समझा गया, जिस अर्थ में उन्होंने उसे कहा था। अभिनेता का कहना है कि अगर उनकी बात से किसी की भावनाएं आहत हुई थीं तो वह पहले ही माफी मांग चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके लिए मामला वहीं खत्म हो चुका है और वह किसी का अपमान करने की नीयत से ऐसा नहीं कहते।

'Milky Body’ और ‘दूधिया बदन’ पर क्या बोले?
अभिनेता ने अपनी बात समझाने के लिए अंग्रेजी और हिंदी के शब्दों के प्रति लोगों की प्रतिक्रिया का उदाहरण दिया। उनका कहना था कि भारतीय समाज पर लंबे समय तक चली गुलामी का असर आज भी मानसिकता में दिखाई देता है। अन्नू कपूर ने कहा कि अंग्रेजी में कही गई कुछ बातें लोगों को सामान्य लगती हैं, लेकिन वही बात हिंदी में कही जाए तो उसे लेकर आपत्ति शुरू हो जाती है। इसी संदर्भ में उन्होंने ‘Milky Body’ और ‘दूधिया बदन’ का उदाहरण दिया। उन्होंने यह भी कहा कि देश को 15 अगस्त 1947 को राजनीतिक आजादी मिली, लेकिन मानसिक रूप से समाज को अभी भी कई तरह की गुलामी वाली सोच से बाहर निकलने की जरूरत है।
तमन्ना के लिए बोले- ‘भगवान उन्हें खुश रखें’
बयान पर सफाई देते हुए अन्नू कपूर ने तमन्ना भाटिया के लिए शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि वह जहां भी रहें, खुश रहें और भगवान उन्हें आशीर्वाद दें। हालांकि, बातचीत के दौरान जब उन्होंने ‘सदा सुहागन’ जैसे शब्द कहे तो होस्ट ने उन्हें याद दिलाया कि तमन्ना की अभी शादी नहीं हुई है। इस पर अन्नू कपूर ने तुरंत अपनी बात सुधारते हुए कहा कि उनका मतलब ‘सदा सौभाग्यवती भव’ जैसे आशीर्वाद से था। अभिनेता ने इसे उम्रदराज होने के कारण हुई शब्दों की चूक बताते हुए हल्के-फुल्के अंदाज में बात संभाल ली।
पहले भी मांग चुके हैं माफी
तमन्ना भाटिया को लेकर अन्नू कपूर की टिप्पणी सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी काफी आलोचना हुई थी। विवाद बढ़ने के बाद अभिनेता ने अपनी बात पर माफी भी मांगी थी। अब एक बार फिर उन्होंने अपने पुराने बयान का संदर्भ बताते हुए कहा है कि उनका मकसद किसी महिला या तमन्ना भाटिया का अपमान करना नहीं था। हालांकि, उनके नए बयान के बाद एक बार फिर यह मुद्दा चर्चा में आ गया है। अन्नू कपूर लंबे समय से फिल्म, टीवी और थिएटर की दुनिया का हिस्सा रहे हैं। अपने बेबाक बयानों और स्पष्ट राय के कारण वह अक्सर सुर्खियों में भी रहते हैं।