
नारी डेस्क: एक्ट्रेस और नेता कंगना रनौत ने राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान Gen Z (जेन जी) पर अपनी पिछली टिप्पणी को लेकर सफाई दी है। गुरुवार को एक्ट्रेस ने अपने इंस्टाग्राम के 'स्टोरीज' सेक्शन में एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह कैमरे के सामने अपनी बात रखते हुए सफाई दे रही थीं। एक कांग्रेस नेता का वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने कहा कि उनके बयान का गलत मतलब निकाला गया है।

कंगना ने कहा- "एक कांग्रेस नेता ने कहा कि मैंने देश के सभी युवाओं को 'गटर छाप' कहा है। देश के युवाओं की बात करें - अगर सिर्फ़ Gen Z की बात करें तो उनकी आबादी लगभग 30-35 करोड़ होगी, और जंतर-मंतर पर सिर्फ 10,000 लोग जमा हुए थे, जिनमें से आधे से ज़्यादा शबाना आजमी जैसे लोग थे, आपने देखा होगा कि वहां हर उम्र के लोग घूम रहे थे।" एक्ट्रेस ने आगे कहा कि वह देश के युवाओं का विरोध नहीं करतीं क्योंकि वह खुद युवा हैं। उन्होंने कहा- "अगर हम युवाओं की बात करें, खासकर Gen Z की तो वहां लगभग 2,000 Gen Z लोग थे तो लोग इसे Gen Z का विरोध प्रदर्शन कैसे कह सकते हैं? जैसे कि पूरे देश के Gen Z इसे अपना विरोध प्रदर्शन मान रहे हों। मैंने खास तौर पर उस पीढ़ी की बात की थी जो वहां जमा हुई थी"।

एक्ट्रेस ने कहा- मैं आपको खुला चैलेंज देती हूं, मेरा कोई ऐसा बयान बताइए जिसमें मैंने पूरी पीढ़ी को शामिल किया हो। मेरे खिलाफ़ बेकार का एजेंडा न चलाएं। मैं युवाओं की विरोधी नहीं हो सकती, क्योंकि मैं खुद युवा हूं और राहुल गांधी की तरह 55-60 साल की उम्र वाली युवा नहीं हूं।" जुलाई 2026 के आखिर में, जंतर-मंतर पर Gen-Z के नेतृत्व वाले विरोध प्रदर्शनों पर टिप्पणी करते हुए, उन्होंने कुछ प्रदर्शनकारियों को "जेनरेशन गटर" कहा था और उन पर खराब भाषा और व्यवहार का आरोप लगाया था। उन्होंने कुछ युवा महिला प्रदर्शनकारियों की भी आलोचना की थी और कहा था कि वे बिना किसी जवाबदेही के "आज़ादी" का दिखावा करती हैं।