
नारी डेस्क : बॉलीवुड की मशहूर सिंगर सुकृति कक्कड़ ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी खुशखबरी फैंस के साथ शेयर की है। 'कर गई चुल' और 'झूमे जो पठान' जैसे हिट गानों के लिए मशहूर सुकृति ने बिजनेसमैन शौमिक शेट्टी के साथ सगाई कर ली है। सुकृति ने सोशल मीडिया पर प्रपोजल की खूबसूरत तस्वीरें शेयर कीं, जिसके बाद फैंस और इंडस्ट्री के दोस्तों की ओर से उन्हें जमकर बधाइयां मिल रही हैं।
घुटनों पर बैठकर किया रोमांटिक प्रपोज
सुकृति द्वारा शेयर की गई तस्वीरों में शौमिक हरे-भरे मैदानों के बीच घुटनों पर बैठकर उन्हें प्रपोज करते नजर आ रहे हैं। वहीं सुकृति इस खास पल को देखकर बेहद खुश दिखाई दे रही हैं। तस्वीरों में दोनों की शानदार केमिस्ट्री भी देखने को मिल रही है। एक अन्य तस्वीर में सुकृति अपनी खूबसूरत डायमंड रिंग फ्लॉन्ट करती नजर आईं। सगाई के बाद दोनों ने रोमांटिक डिनर का भी आनंद लिया। इन तस्वीरों को शेयर करते हुए सुकृति ने लिखा, आज, कल और हमेशा के लिए।

इंडस्ट्री के दोस्तों ने दी बधाई
सुकृति की सगाई की खबर सामने आते ही उनके दोस्तों और इंडस्ट्री के कई सितारों ने उन्हें बधाई दी। अरमान मलिक, विशाल ददलानी, सारा तेंदुलकर और स्टेबिन बेन समेत कई लोगों ने उनके पोस्ट पर प्यार और शुभकामनाएं दीं। सबसे खास रिएक्शन सुकृति की जुड़वां बहन और सिंगर प्रकृति कक्कड़ का रहा। उन्होंने सुकृति और शौमिक की लव स्टोरी पर खुशी जाहिर करते हुए अपने होने वाले जीजा का परिवार में स्वागत किया।

कुछ महीने पहले हुई थी प्रकृति की शादी
दिलचस्प बात यह है कि सुकृति की सगाई उनकी जुड़वां बहन प्रकृति कक्कड़ की शादी के कुछ ही महीनों बाद हुई है। 23 जनवरी 2026 को प्रकृति ने राजस्थान के फोर्ट बरवाड़ा में बिजनेसमैन विनय आनंद के साथ शादी की थी। अब सुकृति की सगाई के बाद कक्कड़ परिवार में एक बार फिर जश्न का माहौल है।

कौन हैं शौमिक शेट्टी?
सुकृति के मंगेतर शौमिक शेट्टी मुंबई के बिजनेस जगत से जुड़े हैं। वह वेलनेस, हॉस्पिटैलिटी और लग्जरी एक्सपीरियंस से जुड़े कारोबार में सक्रिय हैं। उपलब्ध प्रोफेशनल जानकारी के मुताबिक, वह मुंबई के प्रीमियम पैडल क्लब 'कोर्टसाइड' के सह-संस्थापक हैं।

'झूमे जो पठान' से मिली खास पहचान
सुकृति कक्कड़ ने बॉलीवुड के कई लोकप्रिय गानों में अपनी आवाज दी है। 'कर गई चुल', 'झूमे जो पठान', 'मैंने तुझको देखा' और 'हमराह' जैसे गानों ने उन्हें म्यूजिक इंडस्ट्री में खास पहचान दिलाई। वह अपनी जुड़वां बहन प्रकृति कक्कड़ के साथ भी कई म्यूजिक प्रोजेक्ट्स पर काम कर चुकी हैं। सुकृति की सगाई की तस्वीरें सामने आने के बाद फैंस अब उनकी शादी की तारीख का इंतजार कर रहे हैं। फिलहाल, सुकृति और शौमिक अपनी इस नई शुरुआत को लेकर बेहद खुश नजर आ रहे हैं।