05 DECFRIDAY2025 9:09:38 PM
Nari

वीजा नहीं मिला तो तार के नीचे से भारत आ गया पाकिस्तानी कपल, रेगिस्तान में तड़प कर हुई मौत

  • Edited By PRARTHNA SHARMA,
  • Updated: 03 Jul, 2025 12:55 PM
वीजा नहीं मिला तो तार के नीचे से भारत आ गया पाकिस्तानी कपल, रेगिस्तान में तड़प कर हुई मौत

नारी डेस्क: पाकिस्तान के सिंध प्रांत से एक नाबालिग जोड़ा भारत में बसने की उम्मीद लेकर निकला था। वे चाहते थे कि भारत आकर एक नया जीवन शुरू करें। दोनों ने भारत आने के लिए वीजा के लिए आवेदन किया था, लेकिन वह आवेदन अस्वीकार कर दिया गया। जब भारत आने की सारी उम्मीदें टूट गईं तो उन्होंने अवैध तरीके से भारत में प्रवेश करने का फैसला किया। उन्होंने थार रेगिस्तान के रास्ते पैदल ही सीमा पार करने की कोशिश की। यह रास्ता ना सिर्फ लंबा था, बल्कि जानलेवा भी।

मुश्किल हालात में रेगिस्तान पार कर पहुंचे भारत

हालांकि तमाम मुश्किलों के बावजूद यह नाबालिग जोड़ा जैसलमेर के रास्ते भारत में प्रवेश करने में सफल रहा। लेकिन, उन्हें प्राकृतिक हालात ने धोखा दे दिया। भीषण गर्मी और पानी की कमी के कारण उनकी हालत बिगड़ गई। 28 जून, शनिवार को पुलिस को तनोट इलाके में दोनों के सड़े हुए शव मिले।

PunjabKesari

लड़के का शव एक पेड़ के नीचे मिला, जो आसमान नीले रंग का कुर्ता और सलवार पहने था। उसके पास एक खाली जेरी कैन भी मिला, जिसमें शायद पहले पानी था। वहीं, लड़की का शव लड़के से करीब 50 फीट दूर मिला। उसने पीले रंग का घाघरा और कुर्ता, साथ में लाल-सफेद चूड़ियां पहनी हुई थीं। दोनों शव इस हालत में थे कि चेहरे की पहचान भी मुश्किल थी।

पहचान पत्रों से मिली जानकारी, थे पाकिस्तानी नागरिक

पुलिस को शवों के पास पाकिस्तानी पहचान पत्र मिले, जिनसे उनकी राष्ट्रीयता की पुष्टि हुई। जैसलमेर पुलिस अधीक्षक (SP) ने बताया कि दोनों शव कई दिन पुराने लगते हैं और देखने से ऐसा लगता है कि उनकी मौत निर्जलीकरण (डिहाइड्रेशन) से हुई है।

ये भी पढ़े: राजा रघुवंशी केस में बहन सृष्टि फंसी, Instagram पर की बड़ी गलती, असम पुलिस ने दर्ज किया केस

क्यों किया जोड़े ने अवैध तरीके से भारत में प्रवेश?

सीमांत लोक संगठन के जिला समन्वयक दिलीप सिंह सोधा ने बताया कि लड़का पाकिस्तान के सिंध प्रांत का रहने वाला था। उसने करीब डेढ़ साल पहले भारत आने के लिए तीर्थयात्रा वीजा के लिए आवेदन किया था। जब वीजा मिलने की सारी कोशिशें नाकाम हो गईं, तो उसने अपनी पत्नी के साथ सीमा पार करने का खतरनाक फैसला लिया।

PunjabKesari

बेहतर जीवन की चाहत, लेकिन दुखद अंत

सोधा ने बताया कि लड़का भारत में बसना चाहता था और उसे उम्मीद थी कि वह यहां बेहतर जीवन जी पाएगा। वह किसी तरह रेगिस्तान के रास्ते भारत में घुस तो गया, लेकिन पानी की कमी ने उसकी जान ले ली। लड़के के रिश्तेदारों ने जानकारी दी कि उसकी बाइक शव से करीब 20 किलोमीटर दूर मिली थी। जबकि दोनों शव भारत के अंदर 12-13 किलोमीटर तक पाए गए। इससे पता चलता है कि वे दोनों कई किलोमीटर पैदल रेगिस्तान में चले थे।

शवों का हिंदू रीति से अंतिम संस्कार

जैसलमेर सर्कल अधिकारी रूप सिंह इंदा ने बताया कि पुलिस ने विदेशी पंजीकरण कार्यालय से लड़के के वीजा आवेदन की जानकारी मांगी है। दंपति के शवों का अंतिम संस्कार हिंदू रीति रिवाज से कर दिया गया है। घटना बेहद दुखद है और इसकी जांच अभी जारी है।

Related News