
नारी डेस्क: किचन की सफाई करते समय हम अक्सर कैबिनेट पोंछते हैं, फ्रिज साफ करते हैं और सिंक धो लेते हैं। लेकिन एक जगह अक्सर नजरअंदाज रह जाती है सिंक का ड्रेन। यही वह जगह है जहाँ गंदगी, चिकनाई और बैक्टीरिया सबसे ज्यादा जमा होते हैं। क्लीनिंग एक्सपर्ट जिल कोच के अनुसार, किचन सिंक का ड्रेन कई बार टॉयलेट से भी ज्यादा गंदा हो सकता है। रोजाना खाने के छोटे-छोटे कण ड्रेन में गिरते हैं, जिससे E.Coli और Salmonella जैसे बैक्टीरिया पनप सकते हैं। इसलिए ड्रेन को साफ रखना बेहद जरूरी है।
सिंक ड्रेन को साफ करने के आसान तरीके
ड्रेन की सफाई के लिए महंगे प्रोडक्ट्स की जरूरत नहीं होती। घर पर मौजूद साधारण चीज़ें जैसे बेकिंग सोडा, विनेगर और डिश सोप का इस्तेमाल कर आप इसे आसानी से साफ कर सकते हैं। लेकिन एक बात का ध्यान रखें बेकिंग सोडा और विनेगर को सीधे एक साथ न डालें, क्योंकि ऐसा करने से उनका असर खत्म हो जाता है।

तरीका 1: बेकिंग सोडा और विनेगर
सबसे पहले आधा से एक कप बेकिंग सोडा ड्रेन में डालें। चाहें तो इसके ऊपर थोड़ा डिश सोप डाल सकते हैं। इसे करीब 5 मिनट तक छोड़ दें ताकि यह गंदगी को ढीला कर सके। इसके बाद गर्म पानी डालकर फ्लश करें। फिर ड्रेन में एक कप विनेगर डालें। यह तरीका ना सिर्फ ड्रेन की सफाई करता है बल्कि बदबू को भी दूर करता है।
तरीका 2: एंजाइम क्लीनर
अगर पहला तरीका काम न करे और ड्रेन फिर भी जाम हो, तो एंजाइम क्लीनर का इस्तेमाल किया जा सकता है। ये क्लीनर ऐसे बैक्टीरिया पर आधारित होते हैं जो खाने के कणों को तोड़कर जाम हटाने में मदद करते हैं। इसे डालने के बाद थोड़ी देर इंतजार करें, ताकि यह धीरे-धीरे काम करे। जल्दी में तुरंत पानी डालने से इसका असर कम हो सकता है। इसके बाद गर्म पानी से ड्रेन को फ्लश करें। बदबू हटाने के लिए फिर से थोड़ा बेकिंग सोडा और डिश सोप डाल सकते हैं।
महीने में कितनी बार करें
महीने में एक बार इस तरीके से सिंक ड्रेन की सफाई करना काफी होता है। इससे ना सिर्फ ड्रेने साफ रहते हैं, बल्कि बदबू और जाम होने की समस्या भी नहीं होती।

नोट: विनेगर का ज्यादा इस्तेमाल विशेषकर कॉपर या पीतल के पाइप पर समय के साथ असर डाल सकता है। इसलिए इसे सीमित मात्रा में ही इस्तेमाल करें।