
नारी डेस्क: राजस्थान पुलिस ने जयपुर के झोटवाड़ा इलाके में एक प्राइवेट स्कूल के ऑपरेटर और एडमिनिस्ट्रेटर के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया है। बुधवार को स्कूल कैंटीन से पैटी खाने के बाद संदिग्ध हालात में 12वीं कक्षा के एक छात्र की मौत हो गई थी। मृतक की पहचान महाराणा प्रताप स्कूल के छात्र 17 वर्षीय प्रिंस सोनी के तौर पर हुई है। परिवार का आरोप है कि स्कूल कैंटीन से खरीदी गई खराब और तेल वाली पैटी उसके गले में फंस गई थी और स्कूल प्रशासन समय पर मेडिकल मदद देने में नाकाम रहा।
यह भी पढ़ें: दिमाग में चोट लगने से जाने- माने बॉक्सर का हुआ निधन, 11 साल तक लड़ा मौत से
स्कूल पर लापरवाही का आरोप
पुलिस ने बताया कि स्कूल ऑपरेटर अमित कुमावत और एडमिनिस्ट्रेटर राजेंद्र कुमार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। जांचकर्ता लापरवाही के आरोपों और मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं। रिश्तेदारों के मुताबिक, यह घटना सुबह करीब 11 बजे लंच ब्रेक के दौरान हुई। बताया जा रहा है कि तबीयत बिगड़ने के बाद प्रिंस बेहोश हो गया। स्कूल से महज 100 मीटर की दूरी पर अस्पताल होने के बावजूद, परिवार का आरोप है कि प्रशासन ने उसे इलाज के लिए तुरंत अस्पताल नहीं भेजा। परिवार ने स्कूल मैनेजमेंट, प्रिंसिपल और स्टाफ पर भारी लापरवाही का आरोप लगाया और कहा कि स्कूल में फर्स्ट-एड और मेडिकल सुविधाएं ठीक नहीं थीं।
यह भी पढ़ें: पैरों में दिख रहा है मकड़ी के जाल जैसा कुछ, तो समझो कमजोर हो गई हैं आपकी नसें
मां का रो- रोकर बुरा हाल
बेटे को खोने के बाद प्रिंस की मां को रो- रोकर बुरा हाल है। उनका बस यही कहना है कि उनके बेटे को वापस ले आओ। घटना के बाद झोटवाड़ा पुलिस स्कूल पहुंची और शव को कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया। इस घटना से स्थानीय लोगों में गुस्सा है। ब्रिजबल क्रॉसिंग पर स्वर्णकार समुदाय के दुकानदारों ने विरोध में अपनी दुकानें बंद कर दीं, जबकि सैकड़ों लोग स्कूल के बाहर जमा होकर ज़िम्मेदार लोगों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग करने लगे। पुलिस ने कहा कि पैटी, मौत की वजह और स्कूल की कथित लापरवाही से जुड़े आरोपों की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के नतीजों के आधार पर ही कुछ कहा जा सकेगा। आगे की जांच जारी है।