
नारी डेस्क : नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो 'Lock Upp 2' का खिताब श्रेया कालरा ने अपने नाम कर लिया। फिनाले में उन्होंने टीवी अभिनेत्री शिवांगी जोशी को हराकर ट्रॉफी जीती। जहां श्रेया की जीत से उनके फैंस जश्न मना रहे हैं, वहीं शिवांगी की हार के बाद सोशल मीडिया पर बहस भी तेज हो गई है। इसी बीच 'बिग बॉस' फेम अर्शी खान ने एक ऐसा पोस्ट शेयर किया, जिसने विवाद को और हवा दे दी।
शिवांगी जोशी की हार पर अर्शी खान का तंज
'Lock Upp 2' का विजेता घोषित होते ही अर्शी खान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने लिखा, मां भी हार गई थी, अब बेटी भी हार गई। अर्शी के इस पोस्ट को सोशल मीडिया यूजर्स ने सीधे तौर पर शिवांगी जोशी और हिना खान पर तंज माना। पोस्ट सामने आते ही यह तेजी से वायरल हो गया। वहीं, शिवांगी के फैंस ने अर्शी खान की आलोचना भी शुरू कर दी।
क्या है 'मां-बेटी' वाले तंज की वजह?
दरअसल, टीवी के लोकप्रिय शो 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' में हिना खान ने शिवांगी जोशी की मां का किरदार निभाया था। शो के दौरान दोनों के बीच अच्छी दोस्ती भी देखने को मिली थी। इसी रिश्ते को आधार बनाकर अर्शी खान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में 'मां' और 'बेटी' वाला तंज कसा।
हिना खान से पुरानी है अर्शी की रंजिश
अर्शी खान और हिना खान की अनबन 'बिग बॉस 11' के दौरान काफी चर्चा में रही थी। दोनों अक्सर शो में एक-दूसरे से भिड़ती नजर आती थीं। उस सीजन में हिना खान ट्रॉफी जीतने से चूक गई थीं और विजेता शिल्पा शिंदे बनी थीं। अब 'Lock Upp 2' में शिवांगी जोशी की हार के बाद अर्शी खान के पोस्ट को कई लोग हिना खान के साथ पुरानी प्रतिद्वंद्विता से जोड़कर देख रहे हैं।