25 APRFRIDAY2025 8:00:20 AM
Nari

डेस्टिनेशन वेडिंग का ट्रेंड चलाने वाले महाराणा प्रताप के वंशज अरविंद सिंह मेवाड़ का हुआ निधन

  • Edited By vasudha,
  • Updated: 17 Mar, 2025 01:03 PM
डेस्टिनेशन वेडिंग का ट्रेंड चलाने वाले महाराणा प्रताप के वंशज अरविंद सिंह मेवाड़ का हुआ निधन

नारी डेस्क:  राजस्थान में मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्य और एचआरएच होटल समूह के अध्यक्ष अरविंद सिंह मेवाड़ का उदयपुर में लंबी बीमारी के बाद रविवार को निधन हो गया। उन्होंने  81 की उम्र में अंतिम सांस ली। आज वैदिक मंत्रोच्चार के बीच राजस्थान के उदयपुर सिटी पैलेस में दिवंगत अरविंद सिंह मेवाड़ को श्रद्धांजलि दी गई। उदयपुर में डेस्टिनेशन वेडिंग की शुरुआत करवाने का श्रेय अरविंद सिंह मेवाड़ को ही जाता है। 

PunjabKesari

मेवाड़, राजा महाराणा प्रताप के वंशज थे और लंबे समय से बीमार थे। उदयपुर स्थित ‘सिटी पैलेस' में मेवाड़ का इलाज किया जा रहा था। उनके परिवार में पत्नी विजयराज कुमारी, बेटा लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ और बेटियां भार्गवी कुमारी मेवाड़ और पद्मजा कुमारी परमार हैं। अरविंद सिंह मेवाड़, भगवंत सिंह मेवाड़ और सुशीला कुमारी के छोटे बेटे थे। अरविंद के बड़े भाई महेंद्र सिंह मेवाड़ का पिछले वर्ष नवंबर में निधन हो गया था।उदयपुर ‘सिटी पैलेस' रविवार और सोमवार को पर्यटकों के लिए बंद रहा। 

PunjabKesari
 अरविंद सिंह मेवाड़ की शिक्षा अजमेर के ‘मेयो कॉलेज' में हुई और उन्होंने उदयपुर से स्नातक की उपाधि प्राप्त की। मेवाड़ ने ब्रिटेन से ‘होटल मैनेजमेंट' की पढ़ाई की थी और विभिन्न अंतरराष्ट्रीय होटलों में प्रशिक्षण प्राप्त किया। वह ‘एचआरएच ग्रुप ऑफ होटल्स' का निर्माण करने से पहले कई वर्षों तक शिकागो में रहे और काम किया। मेवाड़ क्रिकेट, पोलो और संगीत प्रेमी थे। मेवाड़ ने 1945-46 में राजस्थान के कप्तान के रूप में रणजी ट्रॉफी में पदार्पण किया और उनका एक क्रिकेटर के रूप में लगभग दो दशक तक शानदार करियर रहा। वह 1970 के दशक में पोलो खिलाड़ी थे लेकिन चिकित्सा कारणों से उन्होंने खेल छोड़ दिया।

PunjabKesari
अरविंद सिंह मेवाड़ एक उत्साही पायलट भी थे और उन्होंने माइक्रोलाइट विमान से पूरे भारत में एकल उड़ान भरी थी। मेवाड़, उदयपुर के ‘महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउंडेशन' के अध्यक्ष और प्रबंध न्यासी थे। उन्होंने अन्य ट्रस्टों का भी नेतृत्व किया। 1980 के दशक में जब उन्होंने डेस्टिनेशन वेडिंग को लेकर काम किया तो लोगों ने उनका मजाक उड़ाया। अब न सिर्फ राजस्थान बल्कि, देशभर में डेस्टिनेशन वेडिंग का एक चलन शुरू हो चुका है।' अरविंद सिंह मेवाड़ की दूरदर्शिता के कारण आज उदयपुर और राजस्थान डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए प्रमुख स्थलों में से एक बन गए हैं। 

 

Related News