
नारी डेस्क: बेंगलुरू की देवनहल्ली में एक रौंगटे खड़े करने वाली खबर सामने आई है। यहां पर फैक्ट्री परिसर के टॉयलेट ब्लॉक में एक नवजात शिशु का शव मिला। नवजात का गला काटकर उसकी हत्या की गई थी। इसके बाद उसके शव को फ्लश करने की कोशिश की गई। लेकिन, शव फल्श नहीं हो सका। जिसकी वजह से इस वारदात सामने आ गई। जानकारी होने पर फैक्ट्री परिसर समेत पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी पर पुलिस भी पहुंची और मामले की जांच कर दिल दहला देने वाला खुलासा किया।

किसने दिया वारदात को अंजाम?
जब पुलिस ने जांच शुरू की तो आरोपी के बारे में जानकर पुलिस भी दंग रह गई। शुरुआती जांच में सामने आया कि 19 वर्षीय कर्मचारी, जो फॉक्सकॉन फैक्ट्री में काम करती थी, ने कथित तौर पर वहीं बच्चे को जन्म दिया और उसके बाद उसकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, युवती ने फैक्ट्री के भीतर बने टॉयलेट में अकेले ही प्रसव किया। कुछ ही देर बाद नवजात की मौत हो गई। इसके बाद उसने शव छिपाने की कोशिश की और टॉयलेट फ्लश सिस्टम के जरिए उसे हटाने का प्रयास किया गया। लेकिन, उसकी यह कोशिश असफल रही और शव वहीं फंस गया। जिसके बाद मामले का खुलासा हो गया।

कैसे हुआ खुलासा?
इस घटना का खुलासा तब हुआ जब फैक्ट्री में काम करने वाले अन्य कर्मचारी टॉयलेट इस्तेमाल करने पहुंचा। अंदर का दृश्य देखकर वो चीखने लगा और भागकर फैक्ट्री प्रबंधन को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया। मौके पर पहुंची टीम को खून के धब्बे मिले, जिससे पुलिस को ये जानकारी हो गई कि हत्या हाल ही में ही हुई है। जांच में पता चला कि महिला अविवाहित थी और उसने अपनी गर्भावस्था को लंबे समय तक छिपाए रखा। बताया जा रहा है कि प्रसव अचानक और बिना किसी चिकित्सकीय सहायता के हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर युवती को गिरफ्तार कर लिया है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज और मेडिकल जांच जारी है। फिलहाल, पुलिस इस मामले में हर पहलू पर जांच कर रही है।