नारी डेस्क : गर्मियों में AC खरीदते समय ज्यादातर लोग सिर्फ “टन (Ton)” देखकर फैसला कर लेते हैं, लेकिन यही सबसे बड़ी गलती साबित हो सकती है। अगर आप भी सोचते हैं कि सभी 1.5 टन के AC एक जैसी ठंडक देते हैं, तो आपको यह जान लेना चाहिए कि ऐसा बिल्कुल नहीं है। दरअसल, AC की असली कूलिंग उसकी टन क्षमता से नहीं, बल्कि उसकी कूलिंग कैपेसिटी से तय होती है, जो kW (किलोवॉट) या BTU में मापी जाती है। ऐसे में एक ही टन वाले दो AC भी अलग-अलग कूलिंग दे सकते हैं।
Ton नहीं, Cooling Capacity है असली पैमाना
आज के समय में बाजार में 1.5 टन AC के कई मॉडल अलग-अलग कीमतों पर उपलब्ध हैं। कई बार ग्राहक सस्ता मॉडल देखकर उसे खरीद लेते हैं और समझते हैं कि उन्होंने अच्छा सौदा कर लिया। लेकिन हकीकत यह है कि सस्ते AC में अक्सर कूलिंग कैपेसिटी कम होती है, जिससे वह कमरे को सही तरीके से ठंडा नहीं कर पाता। यही कारण है कि AC ज्यादा देर तक चलता है, बिजली की खपत बढ़ती है और फिर भी ठंडक महसूस नहीं होती।

कम कूलिंग कैपेसिटी के नुकसान
AC खरीदते समय सबसे जरूरी है कि आप उसकी कूलिंग कैपेसिटी जरूर चेक करें। एक स्टैंडर्ड 1.5 टन AC की कूलिंग कैपेसिटी लगभग 5.2 से 5.3 kW होनी चाहिए, लेकिन कई कंपनियां कीमत कम रखने के लिए इसे घटाकर 4.7 या 4.8 kW तक कर देती हैं। ऐसी स्थिति में AC कमरे के साइज के हिसाब से छोटा पड़ जाता है और उसे लगातार काम करना पड़ता है, जिससे न सिर्फ बिजली बिल बढ़ता है बल्कि मशीन पर भी दबाव पड़ता है।
कमरे के हिसाब से चुनें सही AC
इसके अलावा, सही AC चुनने के लिए कमरे का साइज समझना भी जरूरी है। अगर आपका कमरा लगभग 100 स्क्वायर फीट का है, तो 2600W से 3500W कूलिंग वाला 1 टन AC पर्याप्त रहेगा। वहीं 100 से 150 स्क्वायर फीट के कमरे के लिए 4000W से 5200W कूलिंग कैपेसिटी वाला 1.5 टन AC बेहतर होता है। अगर कमरा 150 से 200 स्क्वायर फीट या उससे बड़ा है, खासकर टॉप फ्लोर पर, तो 5200W से 6500W कूलिंग कैपेसिटी वाला 2 टन AC लेना ज्यादा सही रहेगा।

3 Star या 5 Star क्या चुनें?
AC की स्टार रेटिंग का भी ध्यान रखना जरूरी है। अगर आप AC का इस्तेमाल रोजाना 6 से 8 घंटे या उससे ज्यादा करते हैं, तो 5 स्टार रेटिंग वाला AC लेना फायदेमंद रहेगा, क्योंकि यह बिजली की खपत कम करता है। वहीं अगर AC कम समय के लिए इस्तेमाल करना है, तो 3 स्टार AC भी एक अच्छा विकल्प हो सकता है।
AC खरीदते समय सिर्फ टन पर भरोसा करना आपकी बड़ी गलती हो सकती है। सही कूलिंग कैपेसिटी, कमरे का साइज और स्टार रेटिंग को ध्यान में रखकर ही AC चुनें, तभी आपको गर्मियों में असली ठंडक और राहत मिल पाएगी।