
नारी डेस्क: हमेशा हंसती-मुस्कुराती और अपनी बेबाक बातों से लोगों को एंटरटेन करने वाली राखी सावंत इस बार बेहद टूटे हुए अंदाज में नजर आईं। कॉमेडियन Bharti Singh और उनके पति Harsh Limbachiyaa के पॉडकास्ट में पहुंचीं Rakhi Sawant ने अपनी जिंदगी के उस दर्द को खुलकर साझा किया, जिसे सुनकर हर कोई भावुक हो गया। बातचीत के दौरान राखी कई बार रो पड़ीं और उनकी बातें सुनकर भारती सिंह भी अपने आंसू नहीं रोक सकीं।
हंसती राखी के पीछे छिपा दर्द आया सामने
टीवी और सोशल मीडिया पर हमेशा मस्ती-मजाक करने वाली राखी सावंत को लोग अक्सर ड्रामा क्वीन के नाम से जानते हैं। लेकिन इस बार उन्होंने अपनी जिंदगी का वो अकेलापन बताया, जिसे शायद अब तक बहुत कम लोग समझ पाए थे। पॉडकास्ट में बात करते हुए राखी ने कहा कि रातों को वह अक्सर रोती हैं। उन्होंने बताया कि अब उनकी जिंदगी में ऐसा कोई नहीं बचा जो उनसे पूछे कि उन्होंने खाना खाया या नहीं। अपनी मां को याद करते हुए राखी बेहद भावुक हो गईं। उन्होंने कहा, “मां थीं तो कम से कम पूछ लिया करती थीं कि खाना खाया या नहीं… अब घर लौटती हूं तो सब सूना लगता है।”
“घर श्मशान घाट जैसा लगता है”
बातचीत के दौरान राखी सावंत ने अपने अकेलेपन को जिस तरह शब्दों में बयां किया, उसने सभी को भावुक कर दिया। उन्होंने कहा कि जब वह घर लौटती हैं तो उन्हें पूरा घर “श्मशान घाट” जैसा महसूस होता है। ना कोई बात करने वाला होता है और ना ही कोई उनका इंतजार करता है। राखी ने यह भी कहा कि अब उन्हें दोबारा शादी करने से डर लगने लगा है। उनका भरोसा रिश्तों से उठ चुका है। उन्होंने दर्द भरे अंदाज में कहा कि कुछ लोग उन्हें प्यार नहीं, बल्कि सिर्फ इस्तेमाल करना चाहते थे।
टूटी शादियों ने तोड़ दिया भरोसा
राखी सावंत ने अपनी निजी जिंदगी में काफी उतार-चढ़ाव देखे हैं। उनकी दोनों शादियां ज्यादा समय तक नहीं चल सकीं। साल 2019 में उन्होंने रितेश सिंह से शादी की थी, लेकिन कुछ समय बाद दोनों अलग हो गए। इसके बाद उन्होंने बिजनेसमैन आदिल खान से शादी की, लेकिन यह रिश्ता भी विवादों और आरोपों के बीच टूट गया। इन सब घटनाओं ने राखी को अंदर से काफी कमजोर कर दिया है। पॉडकास्ट में उन्होंने साफ कहा कि अब उनके अंदर फिर से रिश्तों पर भरोसा करने की हिम्मत नहीं बची।
राखी की बातें सुन इमोशनल हुए भारती और हर्ष
राखी की दर्दभरी बातें सुनकर पॉडकास्ट का माहौल काफी भावुक हो गया। भारती सिंह की आंखों से भी आंसू निकल पड़े। वहीं हर्ष लिंबाचिया भी काफी इमोशनल नजर आए। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग राखी के इस रूप को देखकर भावुक हो रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि राखी को लोग भले मजाक में लेते हों, लेकिन उनके अंदर का दर्द बहुत गहरा है।

सोशल मीडिया पर मिला लोगों का साथ
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग राखी सावंत के समर्थन में नजर आए। कई लोगों ने कहा कि राखी दिल की बहुत साफ इंसान हैं और उन्होंने जिंदगी में काफी कुछ अकेले झेला है। एक यूजर ने लिखा, “अगर इनके ड्रामे को साइड में रख दें, तो ये बहुत सच्चे दिल की इंसान हैं।” वहीं दूसरे ने कहा, “राखी हमेशा लोगों को हंसाती रहीं, लेकिन उनके अंदर कितना दर्द है, ये आज पता चला।”अकेलेपन से जूझ रही हैं राखी अपनी मां के निधन और रिश्तों में मिले धोखे के बाद राखी सावंत इन दिनों अकेले जिंदगी बिता रही हैं। बाहर से मजबूत दिखने वाली राखी के इस इमोशनल इंटरव्यू ने लोगों को उनका एक अलग और बेहद संवेदनशील चेहरा दिखाया है।