नारी डेस्क : कई बार छोटे बच्चे खेल-खेल में कोई भी चीज मुंह में डाल लेते हैं। उनकी यही जिज्ञासा कभी-कभी गंभीर हादसे का कारण बन जाती है। कई मामलों में इससे सांस की नली में रुकावट, खाना निगलने में दिक्कत, फूड पाइप को नुकसान या जहरीले पदार्थ के शरीर में जाने जैसी खतरनाक समस्याएं हो सकती हैं। हाल ही में एक 6 साल की बच्ची का मामला सामने आया, जिसे कई महीनों तक खाना निगलने में परेशानी होती रही। शुरुआत में परिवार को लगा कि शायद यह किसी मानसिक या व्यवहार संबंधी समस्या की वजह से हो रहा है, लेकिन डॉक्टर की जांच में इसकी असली वजह कुछ और ही निकली। यह मामला हर माता-पिता के लिए एक महत्वपूर्ण सीख है कि घर में रखे केमिकल, क्लीनिंग प्रोडक्ट्स और अन्य खतरनाक चीजों को हमेशा बच्चों की पहुंच से दूर और सुरक्षित स्थान पर रखना चाहिए।
खाना खाते ही होने लगी उल्टी
डॉक्टर के मुताबिक, बच्ची को भूख तो लगती थी, लेकिन जैसे ही वह कुछ खाती, उसे तुरंत उल्टी हो जाती। वह बार-बार कहती थी कि खाना गले में अटक रहा है और नीचे नहीं उतर रहा। लगातार ऐसी परेशानी होने पर परिवार को लगा कि कहीं यह कोई मानसिक समस्या या वहम तो नहीं है।

6 महीने में 6 किलो वजन घट गया
समस्या लगातार बनी रहने के कारण बच्ची का लगभग 6 किलो वजन कम हो गया। उसकी हालत को देखते हुए डॉक्टर ने पूरी मेडिकल हिस्ट्री और परिवार से विस्तार से जानकारी ली। इसके बाद जो कारण सामने आया, उसने सभी को चौंका दिया। जांच के दौरान पता चला कि कुछ महीने पहले बच्ची ने घर में रखा गटर साफ करने वाला केमिकल पाउडर गलती से चख लिया था। उस समय उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया और इलाज भी हुआ, लेकिन इस केमिकल ने उसकी फूड पाइप (ग्रासनली) को गंभीर नुकसान पहुंचा दिया।
फूड पाइप में आ गया ब्लॉकेज
डॉक्टर के अनुसार, केमिकल में मौजूद संक्षारक (Corrosive) तत्वों ने बच्ची की फूड पाइप को जला दिया। समय के साथ वहां घाव भरने के दौरान पाइप सिकुड़ गई (Esophageal Stricture), जिससे खाना और दवा दोनों का नीचे जाना मुश्किल हो गया। यही वजह थी कि बच्ची को हर बार खाना खाते ही उल्टी होने लगी। डॉक्टर के मुताबिक, बच्ची को अब कई मेडिकल प्रक्रियाओं और लंबे इलाज की जरूरत पड़ेगी ताकि फूड पाइप में आए संकुचन को ठीक किया जा सके। फिलहाल उसे सामान्य तरीके से खाना खाने में भी कठिनाई हो रही है।

माता-पिता के लिए जरूरी सलाह
विशेषज्ञों का कहना है कि छोटे बच्चे उत्सुकता में किसी भी चीज को मुंह में डाल सकते हैं। इसलिए घर में रखे केमिकल, टॉयलेट क्लीनर, गटर साफ करने वाले पदार्थ, कीटनाशक, चूहे मारने की दवा और अन्य जहरीले उत्पाद हमेशा बच्चों की पहुंच से दूर और बंद अलमारी में रखें। अगर बच्चा गलती से किसी केमिकल का सेवन कर ले, तो बिना देरी किए तुरंत अस्पताल पहुंचें। डॉक्टर की सलाह के बिना उल्टी कराने या कोई घरेलू उपाय अपनाने से बचें, क्योंकि कुछ केमिकल दोबारा ऊपर आने पर भोजन नली को और ज्यादा नुकसान पहुंचा सकते हैं।
यह मामला इस बात की गंभीर चेतावनी है कि घर में रखे केमिकल बच्चों के लिए कितने खतरनाक हो सकते हैं। थोड़ी-सी सावधानी बच्चों को गंभीर दुर्घटनाओं से बचा सकती है। यदि किसी बच्चे को लगातार खाना निगलने में परेशानी, बार-बार उल्टी या अचानक वजन कम होने जैसी समस्या हो, तो इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज न करें और तुरंत डॉक्टर से जांच कराएं।