
नारी डेस्क : बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। दो शादियों के बाद अब उनकी तीसरी शादी होने वाली हैं। इसी बीच आमिर का एक पुराना इंटरव्यू सोशल मीडिया पर फिर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने खुलासा किया था कि पहली पत्नी रीना दत्ता से तलाक के बाद अभिनेत्री और उनकी करीबी दोस्त जूही चावला ने उन्हें रिश्ता बचाने की सलाह दी थी।
जूही चावला ने मुश्किल वक्त में दिया साथ
आमिर खान ने साल 2025 में दिए एक इंटरव्यू में बताया था कि पहली शादी टूटने के बाद वह भावनात्मक रूप से बेहद कठिन दौर से गुजर रहे थे। उसी समय जूही चावला ने उन्हें फोन किया और उनसे मिलने उनके घर पहुंचीं। आमिर के मुताबिक, उस वक्त दोनों के बीच कई सालों से बातचीत नहीं थी, लेकिन उनकी निजी जिंदगी में आई मुश्किलों को देखकर जूही ने सारे पुराने मतभेद भुला दिए।

'जो भी हुआ, रीना से जाकर सुलह करो'
आमिर ने इंटरव्यू में बताया कि जूही ने उनसे कहा, मैंने सुना कि तुम्हारा और रीना का ब्रेकअप हो गया है और तुम दोनों अलग रह रहे हो। जो भी हुआ है, मैं वह जानना नहीं चाहती, लेकिन तुम जाकर रीना से सुलह करो। जूही की इस बात ने आमिर को काफी भावुक कर दिया था। उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में जूही का इस तरह साथ देना उनके लिए बेहद खास था।
रीना दत्ता से की थी लव मैरिज
आमिर खान और रीना दत्ता ने साल 1986 में परिवार की इच्छा के खिलाफ जाकर लव मैरिज की थी। शादी के बाद दोनों के घर दो बच्चों जुनैद खान और इरा खान का जन्म हुआ। हालांकि, कई वर्षों तक साथ रहने के बाद दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया। बता दें की रीना दत्ता से तलाक के बाद आमिर खान ने साल 2005 में फिल्ममेकर किरण राव से शादी की। दोनों का एक बेटा आजाद राव खान है। हालांकि, 2021 में आमिर और किरण ने भी अलग होने का फैसला कर लिया। तलाक के बाद भी दोनों अपने बेटे की परवरिश साथ मिलकर कर रहे हैं और पेशेवर तौर पर भी अच्छे रिश्ते साझा करते हैं।

आमिर और जूही की सुपरहिट जोड़ी
आमिर खान और जूही चावला ने बॉलीवुड को कई यादगार फिल्में दी हैं। दोनों ने 1988 में रिलीज हुई 'कयामत से कयामत तक' से दर्शकों का दिल जीता था। इसके बाद 'हम हैं राही प्यार के', 'इश्क', 'लव लव लव' और 'तुम मेरे हो' जैसी फिल्मों में भी उनकी जोड़ी को खूब पसंद किया गया।