नारी डेस्क: बच्चों में कब्ज की समस्या आजकल बहुत आम हो गई है। इसका मुख्य कारण फिजिकल एक्टिविटी की कमी और खराब डाइट है, जिसमें अधिकतर चॉकलेट, कुकीज और चिप्स जैसी चीजें शामिल हैं। इसके कारण बच्चे समय पर पॉटी नहीं कर पाते और उनकी भूख भी कम हो जाती है। लेकिन यह समस्या गंभीर हो सकती है, इसलिए जरूरी है कि बच्चों की डाइट में सुधार किया जाए।
घर का बना घी
बच्चों में कब्ज को दूर करने के लिए घी का सेवन करना बेहद फायदेमंद हो सकता है। घर में बना हुआ घी मेटाबोलिज्म को तेज करता है और आंतों के कामकाज को बेहतर बनाता है। रोज़ाना तीन टाइम बच्चों के खाने में घी शामिल करें – नाश्ते, लंच और डिनर में। इससे बच्चे का पेट साफ रहेगा और मल त्याग में कोई परेशानी नहीं होगी।

मौसमी फल खिलाएं
मौसमी फलों में फाइबर की भरपूर मात्रा होती है, जो पाचन को बेहतर बनाती है और कब्ज को दूर करती है। जैसे गर्मी में आम, तरबूज और अंगूर आदि फलों का सेवन कराएं। इसके अलावा, आप बच्चों को इन फलों से मिल्क फ्रूट शेक भी दे सकते हैं, लेकिन कोशिश करें कि बच्चे साबुत फल खाएं क्योंकि इसमें ज्यादा फाइबर और रफेज होता है, जो कब्ज को दूर करने में मदद करता है।

खाने के बाद केला खिलाएं
केला कब्ज को दूर करने में बेहद प्रभावी होता है। इसे काले नमक के साथ खाने से पाचन क्रिया में सुधार आता है और कब्ज की समस्या दूर होती है। हर खाने के बाद आधा केला बच्चे को खिलाएं। इससे उनका मेटाबोलिज्म बेहतर होगा और खाना जल्दी पचेगा।
अन्य सुझाव
बच्चों को एक समय पर पॉटी करने की आदत डालें। एक निश्चित समय पर बच्चों को बाथरूम जाने की आदत डालें ताकि उनकी शरीर की नियमितता बनी रहे। इसके अलावा, चॉकलेट, कुकीज और चिप्स जैसी जंक फूड्स के लिए एक सीमित नियम बनाएं। जैसे एक हफ्ते में सिर्फ एक बार चॉकलेट दें, दूसरे हफ्ते में कुकीज और तीसरे हफ्ते में चिप्स दें। इसके अलावा बच्चों को पानी ज्यादा पीने के लिए कहें, जिससे शरीर डिटॉक्स हो और कब्ज की समस्या दूर हो।

इन आसान और प्रभावी उपायों से बच्चों की कब्ज की समस्या को आसानी से कम किया जा सकता है। ध्यान रखें कि बच्चों की डाइट और आदतों में बदलाव लाकर इस समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है।