
नारी डेस्क: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अच्छा लाइफस्टाइल नहीं अपना पाते। देर रात खाना खाने की आदत भी आम बनती जा रही है। लोग देर रात खाना खाते है और फिर सो जाते है। इस तरह उन्हें कई बीमारिया लग जाती है। हाल ही में आई एक स्टडी में यह सामने आया है कि रात 9 बजे के बाद ज्यादा खाना खाना आपकी पेट की सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। चहिए जानते है लेट नाइट खाना खाने से हमारी सेहत पर क्या असर होता है।
क्या कहती है स्टडी?
जानकारी के अनुसार, अमेरिका के National Health and Nutrition Examination Survey (NHANES) द्वारा 11 हजार से ज्यादा लोगों पर की गई स्टडी में यह पाया गया कि जो लोग देर रात ज्यादा कैलोरी लेते हैं, उनमें कब्ज जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। स्टडी के अनुसार, जिन लोगों को ज्यादा तनाव रहता है और जो रात 9 बजे के बाद अपनी कुल कैलोरी का 25% से ज्यादा खाते हैं, उनमें कब्ज का खतरा सामान्य लोगों की तुलना में 1.7 गुना अधिक पाया गया। रात के समय हमारे शरीर की पाचन क्रिया धीमी हो जाती है। इसे मेटाबॉलिक एक्टिविटी कम होना कहते हैं।

कब और कितना खाएं?
स्टडी में ये भी पाया गया कि सिर्फ क्या खाना है, क्या नहीं खाना, इतना ही जरूरी नहीं बल्कि कब और कितना खाना है, यह भी बहुत जरूरी है। अगर आप तनाव में हैं और साथ ही देर रात ज्यादा खाना खा रहे हैं, तो इससे आपकी पेट की समस्या और बढ़ जाएगी।

क्या होता है गट-ब्रेन कनेक्शन?
डॉक्टर के अनुसार, अगर शरीर पहले से ही मानसिक तनाव में है और आप रात में खाना भी ज्यादा खा रहे हैं तो इससे पेट की सेहत बिगड़ सकती है। जिसे मेडिकल की भाषा में गट-ब्रेन कनेक्शन भी कहते हैं। गट-ब्रेन कनेक्शन का मतलब है कि हमारे दिमाग और पेट का आपस में गहरा संबंध होता है। जब हम ज्यादा तनाव में होते हैं, तो इसका असर सीधे हमारे पाचन तंत्र पर पड़ता है। तनाव के कारण पेट के अच्छे बैक्टीरिया प्रभावित होते हैं, जिससे कब्ज, गैस और अन्य समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में अगर देर रात भारी खाना खाया जाए, तो स्थिति और खराब हो सकती है। स्टडी के अनुसार, रात में हमला भोजन खाना चाहिए, जिससे हमारे पेट की सेहत खराब न हो और हम बीमारियों से बचे रहे।