नारी डेस्क: सुबह की सांस की बदबू को अक्सर सामान्य मानकर नज़रअंदाज कर दिया जाता है। लेकिन, मुंह का सूखापन और उसके साथ आने वाली तेज अप्रिय गंध सिर्फ़ रात की नींद से जुड़ी बात नहीं होती। ये आपके शरीर की हाइड्रेशन, नींद और मेटाबॉलिज्म से जुड़ा अहम संकेत हो सकता है।आइए जानते हैं ऐसा क्यों होता है और इसे कैसे ठीक किया जा सकता है।

सुबह मुंह सूखने या बदबू आने के कारण
शरीर में पानी की कमी (Dehydration): अगर आप दिनभर पर्याप्त पानी नहीं पीते, तो रात में शरीर और ज्यादा डिहाइड्रेट हो जाता है। इससे मुंह में लार (saliva) कम बनती है और मुंह सूख जाता है। इसके संकेत होंठ सूखना, सिर दर्द, पेशाब का गहरा रंग है।
मुंह खोलकर सोना (Mouth Breathing): अगर आप नाक की बजाय मुंह से सांस लेते हैं (जैसे नाक बंद होने पर), तो हवा सीधे मुंह को सुखा देती है।
ऐसे में सुबह गला सूखा जाता है, खर्राटे आते हैं और गले में खराश होने लगती है।
बैक्टीरिया का बढ़ना: रात में लार कम बनने से मुंह के बैक्टीरिया तेजी से बढ़ते हैं, जिससे बदबू आती है। इससे सुबह उठते ही बदबू आने लगती है, जीभ पर सफेद परत हो जाती है।
मेटाबॉलिज्म और ब्लड शुगर का असर: अगर आपका मेटाबॉलिज्म ठीक नहीं है या ब्लड शुगर बढ़ा हुआ है (जैसे प्रीडायबिटीज/डायबिटीज), तो मुंह सूखने की समस्या बढ़ सकती है। इस बार रात को बार-बार प्यास लगती है, थकान रहती है और बार-बार पेशाब आता है।
खराब नींद या स्लीप डिसऑर्डर: कम या खराब क्वालिटी की नींद (जैसे स्लीप एपनिया) भी मुंह सूखने का कारण बन सकती है। इससे रात भर नींद पूरी करने के बाद भी दिन में थकावट बनी रहती है।

ये समस्या कब गंभीर हो सकती है?
अगर रोज सुबह मुंह बहुत ज्यादा सूखा रहता है या बदबू लगातार बनी रहती है, तो ये संकेत हो सकते हैं डायबिटीज, गम (मसूड़ों) की बीमारी और पाचन समस्या के। अगर ये समस्या लंबे समय तक बनी रहे, तो डॉक्टर से जांच कराएं खासकर ब्लड शुगर और ओरल हेल्थ की। ध्यान रखें सुबह का सूखा मुंह सिर्फ एक आदत नहीं, बल्कि शरीर का अलार्म हो सकता है जो आपको पानी, नींद और सेहत सुधारने का संकेत दे रहा है
इस तरह ठीक करें अपनी समस्या
दिनभर पर्याप्त पानी पिएं: कम से कम 7–8 गिलास पानी जरूर पिएं, खासकर सोने से पहले 1 गिलास पानी लें।
सोने से पहले ओरल केयर: रात में ब्रश जरूर करें, जीभ साफ करें, माउथवॉश का इस्तेमाल करें।
नाक से सांस लेने की आदत डालें: अगर नाक बंद रहती है, तो भाप लें या डॉक्टर से सलाह लें।
डाइट सुधारें: ज्यादा मीठा और जंक फूड कम करें, फल और हरी सब्जियां खाएं। कैफीन और अल्कोहल कम लें
अच्छी नींद लें: 7–8 घंटे की नींद जरूरी। सोने से पहले मोबाइल कम इस्तेमाल करें