नारी डेस्क : मानसून केवल राहत ही नहीं लाता, बल्कि हमें प्रकृति के सबसे अनमोल संसाधन जल को सहेजने का अवसर भी देता है। हर वर्ष देशभर में करोड़ों लीटर वर्षा जल हमारी छतों, सड़कों और खुले स्थानों पर गिरता है और कुछ ही घंटों में नालों, नदियों और अंततः समुद्र में बह जाता है। कुछ महीनों बाद यही देश जल संकट, गिरते भूजल स्तर और पेयजल की कमी का सामना करता है। सवाल यह है कि क्या हम इस वर्षा जल को अपने भविष्य के लिए संजो सकते हैं? उत्तर है—हां, और इसकी शुरुआत किसी सरकारी योजना से नहीं, बल्कि हमारे अपने घर, अपार्टमेंट, कार्यालय, स्कूल, अस्पताल, दुकान, फैक्ट्री या गांव से हो सकती है।
वर्षा जल संचयन (Rainwater Harvesting) का अर्थ केवल पानी इकट्ठा करना नहीं है, बल्कि जहाँ बारिश होती है वहीं उस पानी का अधिकतम उपयोग करना, और जो पानी बच जाए उसे दोबारा धरती के भीतर पहुँचाकर भूजल को समृद्ध करना भी है। घर छोटा हो या बड़ा, स्वतंत्र मकान हो, अपार्टमेंट हो या दफ्तर हर जगह इसे अपनी सुविधा और उपलब्ध जगह के हिसाब से लागू किया जा सकता है। यही भविष्य की जल सुरक्षा की सबसे बड़ी कुंजी है।

वर्षा जल संचयन क्यों आवश्यक है?
आज शहरों में कंक्रीट और पक्की सड़कों के कारण वर्षा का पानी जमीन में समा नहीं पाता। परिणामस्वरूप एक ओर बाढ़ और जलभराव की समस्या बढ़ती है, तो दूसरी ओर भूजल स्तर लगातार नीचे जाता है। बरसाती पानी अपेक्षाकृत साफ भी होता है, इसलिए इसका उपयोग करना आसान है। यदि हम वर्षा जल को संग्रहित करें या रिचार्ज पिट, रिचार्ज ट्रेंच अथवा रिचार्ज वेल के माध्यम से जमीन में पहुंचाएं, तो:
● भूजल स्तर बढ़ेगा और पानी की उपलब्धता लंबे समय तक बनी रहेगी।
● बारिश के समय जलभराव और सड़कों पर पानी भरने की समस्या कम होगी।
● मिट्टी का कटाव घटेगा और आसपास की हरियाली को फायदा मिलेगा।
● पानी के टैंकर मंगाने पर होने वाला मासिक खर्च घटेगा।
● भविष्य में जल संकट का असर परिवार और समाज दोनों पर कम पड़ेगा।
आप जहां भी रहते हों, वहीं से शुरुआत करें
1. यदि आप स्वतंत्र मकान में रहते हैं
● छत से आने वाले वर्षा जल को पाइप द्वारा फ़िल्टर करके स्टोरेज टैंक या रीचार्ज पिट तक पहुंचाएं।
● पहली बारिश का पानी सीधे टैंक में न जाने दें, फर्स्ट फ्लश सिस्टम लगाएँ ताकि छत की धूल, पत्तियाँ और गंदगी पहले बाहर निकल जाए।
● पाइप के मुहाने पर जाली (मेश) लगाएँ जिससे पत्तियाँ और कचरा अंदर न जाए, और बारिश शुरू होने से पहले छत व पाइप की सफाई अवश्य करें।
● टंकी को हमेशा ढक्कन से ढककर रखें ताकि मच्छर, धूल और धूप से पानी सुरक्षित रहे।
● जिनके पास खुली जगह ज्यादा है, वे रीचार्ज पिट या बोरवेल के जरिए अतिरिक्त पानी सीधे जमीन में उतार सकते हैं, जिससे घर के आसपास का भूजल स्तर बना रहता है।
2. यदि आप छोटे घर या फ्लैट में रहते हैं
● जगह कम होने पर भी छत के एक कोने में छोटी पाइपलाइन और एक ड्रम या छोटी प्लास्टिक टंकी लगाकर पानी जमा किया जा सकता है, जिसे बागवानी, सफाई या फ्लश में उपयोग करें।
● जहां थोड़ी भी जमीन उपलब्ध हो, वहां लगभग दो फुट चौड़ा-गहरा कंकड़-बजरी से भरा एक छोटा परकोलेशन पिट बनाया जा सकता है — यह जलभराव भी रोकता है और भूजल भी बढ़ाता है।
3. यदि आप अपार्टमेंट या हाउसिंग सोसायटी में रहते हैं
● अगली सोसायटी मीटिंग में वर्षा जल संचयन का प्रस्ताव रखें। बहुमंजिला इमारतों में सामूहिक व्यवस्था व्यक्तिगत प्रयास से कहीं ज्यादा असरदार होती है।
● पूरी इमारत की छत का पानी एक जगह इकट्ठा कर, फिल्टर करके सोसाइटी के बोरवेल या साझा टंकी में डाला जा सकता है।
● यदि सिस्टम पहले से बना है तो मानसून शुरू होने से पहले उसकी सफाई, निरीक्षण और वार्षिक कार्यक्षमता जांच अवश्य कराएं।
● पार्किंग या खुले क्षेत्र में पानी को जमीन में जाने देने वाले पेवर्स (परमिएबल पेवर्स) का उपयोग बढ़ाएं।
● दिल्ली की पंचशील सोसाइटी जैसी कई हाउसिंग सोसाइटियों ने यह व्यवस्था अपनाकर भूजल स्तर में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया है, और टैंकर मंगाने का खर्च भी घटाया है।

4. यदि आप कार्यालय, स्कूल, अस्पताल या संस्थान से जुड़े हैं
● दफ्तरों और संस्थानों में छत के साथ-साथ पार्किंग और खुले परिसर का बड़ा हिस्सा भी होता है, जहां से बहने वाला पानी भी संचित किया जा सकता है।
● इस पानी का उपयोग शौचालय फ्लशिंग, बागवानी और एयर-कंडीशनिंग सिस्टम की सफाई जैसे गैर-पेयजल कार्यों में करें, जिससे पीने के पानी की खपत काफी कम हो जाती है।
● बच्चों और कर्मचारियों को जल संरक्षण अभियान से जोड़ें, और हर वर्ष मानसून से पहले सिस्टम की सर्विसिंग करवाएं।
● संस्थान में समय-समय पर 'वॉटर ऑडिट' कर पानी की बर्बादी का पता लगाएं और बड़े परिसरों में परकोलेशन ट्रेंच या रीचार्ज वेल जैसी व्यवस्थाएं विकसित करें।
केवल पानी बचाना ही पर्याप्त नहीं, रोजमर्रा की आदतें भी बदलें
बड़ी व्यवस्थाओं के साथ-साथ जल प्रबंधन हमारी रोज़मर्रा की आदतों से भी शुरू होता है। आज से ये छोटे बदलाव अपनाएं:
● टपकते नल तुरंत ठीक कराएं, और ब्रश करते या बर्तन धोते समय नल खुला न छोड़ें।
● आरओ (RO) का अतिरिक्त पानी फेंकने के बजाय सफाई या पौधों में उपयोग करें, और सब्जियां धोने का पानी भी पौधों में डालें।
● गाड़ी पाइप से नहीं, बाल्टी से धोएं।
● पौधों को सुबह या शाम के समय पानी दें, ताकि वाष्पीकरण से पानी कम बर्बाद हो।
● बच्चों को शुरू से ही पानी बचाने की आदत सिखाएं।
● हर महीने अपने घर का एक छोटा 'वॉटर बजट' बनाएं। कितना पानी उपयोग हुआ और कितना बचाया जा सकता है।
केवल अपने घर तक सीमित न रहें
यदि आपकी कॉलोनी, गांव, मोहल्ला या सोसायटी में वर्षा जल संचयन की व्यवस्था नहीं है, तो पहल कीजिए:
● अपने पड़ोसियों को इस विषय में जोड़िए और साथ मिलकर सोचिए।
● आरडब्ल्यूए (RWA), ग्राम पंचायत या स्थानीय संस्था के साथ मिलकर जागरूकता अभियान चलाइए।
● स्कूलों में जल संरक्षण पर प्रतियोगिताएं आयोजित कराइए।
● सोशल मीडिया पर अपने वर्षा जल संचयन की तस्वीरें साझा कर दूसरों को प्रेरित कीजिए।
● यदि आपके घर में सफल व्यवस्था है, तो महीने में एक दिन पड़ोसियों को उसका निरीक्षण कराइए। इससे लोग बिना झिझक इसे अपनाएंगे।
लेखक: रक्षा सेठी | इंटीरियर डिज़ाइनर एवं वास्तु कन्सल्टेंट, इंदौर