
नारी डेस्क: रविवार शाम को बंगाली अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी की अचानक मौत की खबर से फिल्म इंडस्ट्री को गहरा सदमा लगा है। सूत्रों के अनुसार, अभिनेता की मौत ओडिशा के तालसारी बीच पर समुद्र में डूबने से हुई। उनकी पत्नी, बंगाली अभिनेत्री प्रियंका सरकार ने अब इस दुखद खबर पर अपनी प्रतिक्रिया दी है और सोशल मीडिया पर अपनी हालिया पोस्ट में 'गहरे दुख' की इस घड़ी में निजता (प्राइवेसी) बनाए रखने का अनुरोध किया है।

अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रियंका ने कहा- “यह हमारे लिए गहरे दुख और निराशा का समय है। इस मुश्किल घड़ी में, हम आपसे पूरी विनम्रता के साथ कुछ स्पेस और प्राइवेसी की गुज़ारिश करते हैं। यहं एक बच्चा, एक मां, एक परिवार और कुछ अपने लोग हैं, जो मिलकर इस नुकसान का सामना करने की कोशिश कर रहे हैं। हम मीडिया में अपने दोस्तों और साथियों से गुज़ारिश करते हैं कि वे हमारी सीमाओं का सम्मान करें, हमारी प्राइवेसी में दखल न दें, और हमें शांति से अपना दुख मनाने का मौका दें।”
उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए कहा- “इस समय आपकी समझ और आपका साथ हमारे लिए पहले से कहीं ज़्यादा मायने रखता है।” वहीं दिवंगत एक्टर ने अपनी मौत से 1 दिन पहले इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जो वायरल हो रहा है।उनके अकाउंट पर आखिरी पोस्ट राहुल और 'सहज कथा' अकाउंट की एक जॉइंट पोस्ट है। 'सहज कथा' उनका पॉडकास्ट शो था। इस क्लिप में राहुल एक्टर और राजनेता ब्रत्या बासु के साथ बातचीत करते नजर आ रहे हैं। इससे पहले 25 मार्च को भी एक्टर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक तस्वीर भी पोस्ट की थी। इस पोस्ट में उन्हें अपने साथी अभिनेताओं के साथ देखा गया था।