नारी डेस्क: The Family Man में जेके तलपड़े का किरदार निभाकर लोगों के दिलों में खास जगह बनाने वाले Sharib Hashmi अपनी निजी जिंदगी में भी एक सच्चे फैमिली मैन साबित हुए हैं। हाल ही में शारिब अपनी पत्नी Nasreen Hashmi के साथ एक पॉडकास्ट में नजर आए, जहां दोनों ने अपने रिश्ते, संघर्ष और बीमारी से जंग के बारे में बेहद भावुक बातें साझा कीं।
छठी बार लौट आया कैंसर, पूरे परिवार की फिर शुरू हुई लड़ाई
बातचीत के दौरान नसरीन ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से मुंह के कैंसर से जूझ रही हैं। साल 2018 में पहली बार इस बीमारी का पता चला था, जिसके बाद अब तक उनकी पांच बड़ी सर्जरी हो चुकी हैं। शारिब ने भावुक होते हुए बताया कि बीमारी अब छठी बार लौट आई है और इस बार यह शरीर के कई हिस्सों तक फैल चुकी है। उन्होंने कहा कि इलाज जारी है और पूरा परिवार उम्मीद के साथ इस मुश्किल दौर का सामना कर रहा है। शारिब के मुताबिक, बीमारी भले ही आक्रामक हो, लेकिन नसरीन जिस हिम्मत और सकारात्मक सोच के साथ इसका सामना कर रही हैं, वही पूरे परिवार को मजबूत बनाए हुए है।
“उसकी हिम्मत देखकर हम सबको ताकत मिलती है”
शारिब ने बातचीत में कहा कि नसरीन की इच्छाशक्ति ही इस कठिन समय में सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने बताया कि कैंसर की प्रकृति काफी आक्रामक होने की वजह से यह बार-बार लौट आता है, लेकिन हर बार नसरीन ने डटकर मुकाबला किया। उन्होंने कहा कि जब परिवार के लोग टूटने लगते हैं, तब नसरीन खुद सबको संभालने लगती हैं। उनकी यही हिम्मत पूरे घर को फिर से उम्मीद देती है।
अस्पताल में हर पल पत्नी के साथ खड़े रहे शारिब
नसरीन ने भी इस दौरान अपने पति की जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि चाहे शूटिंग कितनी भी व्यस्त क्यों न हो, शारिब हर दिन अस्पताल पहुंचते थे। भर्ती होने से लेकर डिस्चार्ज तक वह अस्पताल में ही उनके साथ बैठे रहते थे। नसरीन ने कहा कि शारिब की मौजूदगी उन्हें मानसिक सुकून देती थी। कठिन इलाज, दर्द और लंबे मेडिकल प्रोसेस के बीच उनका साथ सबसे बड़ी ताकत बनकर सामने आया।
जब पूरी दुनिया खिलाफ थी, तब पत्नी ने दिया साथ
इस बातचीत में शारिब ने अपने शुरुआती संघर्ष के दिनों को भी याद किया। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने नौकरी छोड़कर एक्टिंग में आने का फैसला लिया था, तब परिवार के ज्यादातर लोग इसके खिलाफ थे। उस समय सिर्फ उनकी पत्नी नसरीन ने उनका साथ दिया। शारिब ने कहा कि नसरीन हमेशा चाहती थीं कि वह अपने सपनों को मौका दें ताकि जिंदगी में कभी यह पछतावा न रहे कि उन्होंने कोशिश ही नहीं की।

बुरे दिनों में पत्नी ने बेचे अपने जेवर
शारिब ने अपने संघर्ष के दिनों का जिक्र करते हुए बताया कि एक्टिंग करियर की शुरुआत आसान नहीं थी। आर्थिक परेशानियां इतनी बढ़ गई थीं कि घर चलाने के लिए नसरीन ने अपने जेवर तक बेच दिए। उन्होंने बताया कि नौकरी के दौरान खरीदा गया घर भी बाद में बेचना पड़ा, लेकिन उस वक्त भी नसरीन ने कभी शिकायत नहीं की। उनका मानना था कि सपनों के लिए जोखिम लेना जरूरी होता है।
2003 में हुई थी शादी, दो बच्चों के माता-पिता हैं दोनों
शारिब और नसरीन ने 27 दिसंबर 2003 को शादी की थी। दोनों के दो बच्चे हैं एक बेटा और एक बेटी। लंबे संघर्ष और मुश्किल हालात के बावजूद दोनों ने हमेशा एक-दूसरे का साथ निभाया है।
‘द फैमिली मैन’ से मिली देशभर में पहचान
Sharib Hashmi ने अपने करियर की शुरुआत छोटे रोल्स से की थी, लेकिन The Family Man में निभाए गए जेके तलपड़े के किरदार ने उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया। इसके अलावा वह Tarla में Huma Qureshi के साथ नजर आए थे, जहां उन्होंने तरला दलाल के पति का किरदार निभाया था। वहीं Zara Hatke Zara Bachke में भी उन्होंने छोटी लेकिन यादगार भूमिका निभाई थी।