
नारी डेस्क : इन दिनों सोशल एक्टिविस्ट और इंजीनियर Sonam Wangchuk लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। उनके सामाजिक मुद्दों पर उठाए गए कदमों के साथ-साथ अब लद्दाख में बना उनका अनोखा घर भी लोगों का ध्यान खींच रहा है। कुछ समय पहले यूट्यूबर अमिता छोगिया नेगी ने उनके घर का वीडियो टूर शेयर किया था, जो अब एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस घर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि बर्फीले मौसम और शून्य से नीचे तापमान होने के बावजूद यहां हीटर की जरूरत नहीं पड़ती।
मिट्टी और लकड़ी से बना है इको-फ्रेंडली घर
लद्दाख की बर्फीली वादियों के बीच बना Sonam Wangchuk का दो मंजिला घर मिट्टी और लकड़ी जैसी प्राकृतिक सामग्रियों से तैयार किया गया है। घर का डिजाइन पूरी तरह पर्यावरण के अनुकूल है। इसमें ऊर्जा की बचत के साथ प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल किया गया है, जिससे घर हर मौसम में आरामदायक बना रहता है।

बिना हीटर गर्म रहने का क्या है साइंस?
घर की सबसे खास तकनीक इसकी सोलर पैसिव हीटिंग है। घर की काली दीवारें दिनभर सूर्य की गर्मी को अवशोषित करती हैं। इन दीवारों के पीछे पानी से भरी बोतलें रखी गई हैं, जो दिन में गर्मी जमा करती हैं और रात के समय धीरे-धीरे उसे छोड़ती रहती हैं। यही वजह है कि बाहर कड़ाके की ठंड होने के बावजूद घर के अंदर का तापमान सामान्य और गर्म बना रहता है।

बिना पानी वाला टॉयलेट भी है खास
Sonam Wangchuk के घर में पारंपरिक फ्लश टॉयलेट की जगह ड्राई टॉयलेट बनाया गया है। इसमें पानी की जगह लकड़ी के बुरादे का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे पानी की बचत होती है और पर्यावरण पर भी कम प्रभाव पड़ता है। यह तकनीक ठंडे और पानी की कमी वाले इलाकों के लिए बेहद उपयोगी मानी जाती है।

सादगी और खूबसूरती का बेहतरीन मेल
घर का लिविंग एरिया मिट्टी की दीवारों और लकड़ी की छत से बना है, जो प्राकृतिक रूप से कमरे का तापमान संतुलित बनाए रखता है। अंदर आधुनिक सोफा, विंटेज पियानो और पारंपरिक लकड़ी का डाइनिंग टेबल इसकी खूबसूरती बढ़ाते हैं। वहीं बेडरूम भी बेहद सादा लेकिन आकर्षक है, जहां लकड़ी का फर्नीचर, नक्काशीदार फ्रेम, बड़ी खिड़कियां और किताबों से सजा शेल्फ इसकी खास पहचान है।
