05 AUGWEDNESDAY2026 2:27:38 AM
Nari

हनीमून हत्याकांड : 15 महीने बाद सोनम और राजा रघुवंशी की शादी के खाने को लेकर मचा बवाल

  • Edited By vasudha,
  • Updated: 04 Aug, 2026 04:18 PM
हनीमून हत्याकांड : 15 महीने बाद सोनम और राजा रघुवंशी की शादी के खाने को लेकर मचा बवाल

नारी डेस्क:  मेघालय में हनीमून के दौरान मारे गए इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी की शादी के करीब 15 महीने बाद उनके विवाह समारोह का केटरर 2.82 लाख रुपये के कथित बकाया भुगतान को लेकर मंगलवार को एक स्थानीय थाने पहुंचा। एक अधिकारी  के मुताबिक पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई से इनकार करते हुए कहा कि दो पक्षों के बीच लेन-देन का यह दीवानी प्रकृति का विवाद पुलिस के हस्तक्षेप के योग्य नहीं है। राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी मई 2025 में विवाह के कुछ दिनों बाद हनीमून के लिए मेघालय गए थे, जहां राजा की हत्या कर दी गई थी। 
PunjabKesari

इस मामले में मेघालय पुलिस ने सोनम, उसके कथित प्रेमी राज कुशवाह और भाड़े के तीन हत्यारों को गिरफ्तार किया था। इंदौर के केटरर हितेश रोहिरा ने बताया कि राजा और सोनम के परिवारों ने उन्हें शादी में खानपान की व्यवस्था के लिए 11,42,550 रुपये का ठेका संयुक्त रूप से दिया था। उन्होंने दावा किया कि इसमें से उन्हें 8,60,000 रुपये का भुगतान मिला, जबकि 2,82,550 रुपये अब भी बकाया हैं। रोहिरा ने कहा कि बकाया राशि के लिए वह राजा के बड़े भाई विपिन रघुवंशी और सोनम के बड़े भाई गोविंद रघुवंशी से कई बार संपर्क कर चुके हैं, लेकिन दोनों एक-दूसरे पर भुगतान की जिम्मेदारी डाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह एक अप्रैल को अपने वकील के जरिये विपिन और गोविंद को कानूनी नोटिस भी भेज चुके हैं, लेकिन उन्हें बकाया रकम अब तक नहीं मिली है।

PunjabKesari
 केटरर ने कहा कि इस मामले में वह विपिन एवं गोविंद के विरूद्ध शिकायत दर्ज कराने द्वारकापुरी थाने पहुंचे थे, लेकिन उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। इस बारे में पूछे जाने पर द्वारकापुरी थाने के प्रभारी मनीष मिश्रा ने कहा कि दो पक्षों के बीच धन के लेन-देन का विवाद पुलिस के हस्तक्षेप के योग्य नहीं है क्योंकि यह दीवानी मुकदमे का मामला है। इस बीच, राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने केटरर के दावे को खारिज करते हुए कहा- ''केटरर को सोनम के बड़े भाई गोविंद ने बुक किया था। हमारे परिवार का केटरर के साथ कोई लेन-देन बाकी नहीं है।'' सोनम के भाई गोविंद रघुवंशी ने दावा किया कि केटरर को लगभग पूरा भुगतान किया जा चुका है। गोविंद ने कहा- ''केटरर अब तक कहां था? शादी के करीब 15 महीने बाद वह महज सस्ता प्रचार पाने के लिए भुगतान बकाया होने की बात कर रहा है।'' 

Related News