25 SEPFRIDAY2026 2:28:25 AM
Nari

कॉकरोच भगाने का ट्विंकल खन्ना ने बताया देसी जुगाड़, तेज पत्ता-लौंग से ऐसे रखें किचन को साफ

  • Edited By Monika,
  • Updated: 21 Sep, 2026 07:06 PM
कॉकरोच भगाने का ट्विंकल खन्ना ने बताया देसी जुगाड़, तेज पत्ता-लौंग से ऐसे रखें किचन को साफ

नारी डेस्क : रसोई में अचानक कॉकरोच या लाल चींटियां नजर आ जाएं तो पूरा किचन साफ करने की टेंशन होने लगती है। खासकर कॉकरोच से छुटकारा पाना आसान नहीं होता। ऐसे में लोग बाजार में मिलने वाले कीटनाशक स्प्रे का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन कुछ लोग तेज गंध और रसायनों की वजह से इनके इस्तेमाल से बचना चाहते हैं। इसी बीच एक्ट्रेस और राइटर ट्विंकल खन्ना ने सोशल मीडिया पर किचन के इन ‘बिन बुलाए मेहमानों’ को दूर रखने के लिए एक घरेलू टिप शेयर की है। इसमें तेज पत्ता, लौंग और सिरके जैसी चीजों का इस्तेमाल किया जाता है। आइए जानते हैं इसे कैसे तैयार किया जाता है और किचन में इसका इस्तेमाल किस तरह किया जा सकता है।

ट्विंकल खन्ना ने शेयर किया कॉकरोच भगाने का घरेलू उपाय

ट्विंकल खन्ना ने Tweak India के इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए इस घरेलू टिप के बारे में बताया। इसमें तेज पत्ता और लौंग को पानी और सिरके के साथ मिलाकर एक मिश्रण तैयार करने की बात कही गई है। इस मिश्रण को स्प्रे बोतल में भरकर किचन की दराजों, कैबिनेट के कोनों और उन जगहों पर इस्तेमाल किया जा सकता है, जहां कॉकरोच या लाल चींटियां ज्यादा दिखाई देती हैं।

PunjabKesari

कैसे बनाएं तेज पत्ता और लौंग वाला होममेड स्प्रे?

तेज पत्ता और लौंग लें: सबसे पहले 8-10 लौंग और 2-3 तेज पत्ते लें। दोनों को हल्का कूट या क्रश कर लें। इससे इनकी खुशबू और प्राकृतिक कंपाउंड पानी में बेहतर तरीके से मिल सकते हैं।
पानी और सिरका मिलाएं: अब एक कप पानी और एक कप सिरका लें। दोनों को एक बर्तन में डालें और इसमें कुटी हुई लौंग और तेज पत्ता मिला दें।
मिश्रण को उबालें: इस मिश्रण को कुछ देर उबालें। इसके बाद गैस बंद करके इसे पूरी तरह ठंडा होने दें। ठंडा होने के बाद इसे अच्छी तरह छान लें, ताकि तेज पत्ता और लौंग के टुकड़े अलग हो जाएं।
स्प्रे बोतल में भरें: अब तैयार मिश्रण को एक साफ स्प्रे बोतल में भर लें। इसे किचन की दराजों, कैबिनेट के कोनों और उन जगहों पर हल्का स्प्रे किया जा सकता है, जहां कॉकरोच या चींटियां दिखाई देती हैं।

यें भी पढ़ें : थायरॉयड में अचानक क्यों बढ़ने लगता है वजन? जानें इसकी असली वजह

ट्विंकल खन्ना ने मजेदार अंदाज में कही ये बात

ट्विंकल खन्ना ने इस टिप को अपने खास मजाकिया अंदाज में शेयर किया। उन्होंने मजाक करते हुए कहा कि अगर इस स्प्रे का इस्तेमाल इंसानों पर भी किया जा सकता, तो देर रात आने वाले दो पैरों और छह पैरों वाले ‘मेहमानों’ से भी छुटकारा मिल जाता। उनकी इस बात ने घरेलू टिप को मजेदार अंदाज दे दिया और सोशल मीडिया पर यह टिप लोगों का ध्यान खींचने लगी।

PunjabKesari

सिर्फ स्प्रे से नहीं मिलेगी कॉकरोच से पूरी तरह निजात

अगर किचन में बार-बार कॉकरोच दिखाई दे रहे हैं, तो केवल किसी घरेलू स्प्रे पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है। 
कॉकरोच को दूर रखने के लिए किचन की साफ-सफाई पर भी ध्यान देना जरूरी है।
खाने के टुकड़े और जूठा खाना खुले में न छोड़ें।
किचन का कूड़ा नियमित रूप से बाहर करें।
सिंक और आसपास की जगह को सूखा रखें।
खाने की चीजों को एयरटाइट डिब्बों में रखें।
दराजों और कैबिनेट के कोनों की नियमित सफाई करें।
जहां से कॉकरोच अंदर आ सकते हैं, उन दरारों और छेदों को बंद करें।
अगर कॉकरोच की समस्या बहुत ज्यादा है या बार-बार लौट रही है, तो पेशेवर पेस्ट कंट्रोल की मदद लेना ज्यादा प्रभावी हो सकता है।

Related News