
नारी डेस्क : अभिनेत्री दीया मिर्जा के दिवाली वीडियो को लेकर शुरू हुआ विवाद अब बॉम्बे हाई कोर्ट तक पहुंच गया है। पर्यावरण अनुकूल और पटाखा मुक्त दिवाली मनाने की अपील करने वाले इस वीडियो को बीएमसी ने सोशल मीडिया से हटा दिया था। इस कदम पर हाई कोर्ट ने गहरी नाराजगी जताते हुए नगर निगम को वीडियो तुरंत दोबारा अपलोड करने का निर्देश दिया है। अदालत ने कहा कि पर्यावरण और प्रदूषण जैसे गंभीर मुद्दों पर जागरूकता फैलाने की कोशिश को बेवजह विवाद का विषय बनाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
'कुछ लोगों की ओछी मानसिकता से हम आहत हैं'
मामले की सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति गिरीश कुलकर्णी और न्यायमूर्ति नीला गोखले की पीठ ने कड़ी टिप्पणी की। अदालत ने कहा कि कुछ लोगों, खासकर जनता के प्रतिनिधियों की सोच से उसे गहरा दुख पहुंचा है। पीठ के मुताबिक, पर्यावरण संरक्षण और वायु व ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए बनाए गए वीडियो को इस तरह विवाद में घसीटना सही नहीं है।
हाई कोर्ट ने बीएमसी कमिश्नर के फैसले की सराहना करते हुए कहा कि अभियान के लिए जानी-मानी हस्तियों को शामिल करना बिल्कुल सही कदम था। अदालत ने सवाल उठाया कि जब उद्देश्य लोगों को प्रदूषण के प्रति जागरूक करना है, तो इसमें अनावश्यक विवाद खड़ा करने की क्या जरूरत है।
'हर किसी को एक ही हवा में सांस लेनी है'
सुनवाई के दौरान अदालत ने वीडियो पर आपत्ति जताने वालों को भी कड़ा संदेश दिया। पीठ ने कहा कि समाज में हर व्यक्ति का सम्मान किया जाना चाहिए, चाहे उसका धर्म, जाति या पंथ कुछ भी हो। भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है और संविधान भी नागरिकों से इसी भावना को बनाए रखने की अपेक्षा करता है। अदालत ने यह भी कहा कि मुंबई जैसे शहर की पहचान आपसी जुड़ाव और एकजुटता से है। किसी भी व्यक्ति या नेता की गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी से इस माहौल को खराब नहीं किया जाना चाहिए। पीठ ने सवाल उठाया कि प्रदूषण के खिलाफ बयान देने वाले लोगों ने खुद जागरूकता फैलाने के लिए कितने वीडियो या अभियान चलाए हैं। अदालत ने साफ कहा कि प्रदूषण का मुद्दा सीधे पर्यावरण और लोगों की सेहत से जुड़ा है। धर्म और जाति अलग हो सकते हैं, लेकिन शहर में रहने वाले सभी लोगों को एक ही हवा में सांस लेनी पड़ती है।
बीएमसी को भी लगाई फटकार
हाई कोर्ट ने सिर्फ आपत्ति जताने वालों पर ही नहीं, बल्कि बीएमसी के रवैये पर भी सवाल उठाए। अदालत ने कहा कि नगर निगम को राजनीतिक या बाहरी दबाव में आकर दीया मिर्जा का वीडियो नहीं हटाना चाहिए था। सार्वजनिक पदों पर बैठे लोगों से जिम्मेदारी भरे व्यवहार की उम्मीद की जाती है। पीठ ने बीएमसी को निर्देश दिया कि हटाए गए वीडियो को तुरंत अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दोबारा अपलोड किया जाए। अदालत का मानना था कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े ऐसे अभियान को विवाद के कारण रोकना ठीक नहीं है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, दिवाली के दौरान मुंबई में बढ़ते वायु और ध्वनि प्रदूषण को देखते हुए बीएमसी ने लोगों को पर्यावरण अनुकूल दिवाली मनाने के लिए जागरूक करने का अभियान शुरू किया था। इस अभियान में अभिनेत्री दीया मिर्जा समेत कई जानी-मानी हस्तियों को शामिल किया गया था। दीया ने अपने वीडियो में लोगों से पटाखों से बचने और प्रदूषण कम करने की अपील की थी।
लेकिन वीडियो सामने आने के बाद कुछ भाजपा नेताओं और मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने इस पर आपत्ति जताई। इसके बाद बीएमसी ने सोमवार को दीया मिर्जा का वीडियो अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया। इस फैसले के बाद विवाद बढ़ गया और मामला बॉम्बे हाई कोर्ट तक पहुंचा।
अब अदालत ने बीएमसी को वीडियो दोबारा अपलोड करने का निर्देश देते हुए साफ कर दिया है कि पर्यावरण और जनस्वास्थ्य से जुड़े जागरूकता अभियानों को धर्म या जाति के विवाद में नहीं उलझाना चाहिए।