
नारी डेस्क: ‘बिग बॉस 20’ के घर में इन दिनों कंटेस्टेंट्स के बीच रिश्ते और दोस्तियां लगातार चर्चा में हैं। अब आसिफ खान और लव गिल की कुछ क्लिप्स सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिनको लेकर खूब बातें हो रही हैं। वायरल वीडियो में दोनों एक-दूसरे के काफी करीब नजर आ रहे हैं। किसी क्लिप में लव, आसिफ को गले लगाती दिख रही हैं, तो एक वीडियो में वह आसिफ की गोद में बैठी नजर आती हैं। इन छोटे-छोटे वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दोनों की नजदीकियों को लेकर तरह-तरह के सवाल उठने लगे। मामला तब और चर्चा में आ गया, जब कुछ लोगों ने आसिफ खान की शादी को लेकर भी सवाल उठाने शुरू कर दिए। अब इस पूरे मामले पर उनकी पत्नी जेबा खान ने खुलकर बात की है।

वायरल क्लिप देखकर न बनाएं कोई राय
आसिफ की पत्नी जेबा ने उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से एक लंबा नोट शेयर किया है। इसमें उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी कंटेस्टेंट या रिश्ते को सिर्फ कुछ सेकंड की वायरल क्लिप देखकर जज न किया जाए। जेबा ने कहा कि अगर दर्शक ‘बिग बॉस’ की 24×7 लाइव फीड देखते हैं, तो उन्हें आसिफ के व्यवहार और उनके रिश्ते की ज्यादा पूरी तस्वीर समझ आएगी। उनके मुताबिक, शो में आसिफ कई बार अपनी पत्नी, अपनी जिंदगी और अपने रिश्ते के बारे में बात करते नजर आते हैं।
‘हमारा रिश्ता मजबूत है’
जेबा ने अपने बयान में अपने और आसिफ के रिश्ते को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि उनका रिश्ता मजबूत है और दोनों के बीच अच्छी समझ है। उनके मुताबिक, उनके रिश्ते में ऐसा कुछ नहीं है जिसे किसी के सामने साबित करने या सफाई देने की जरूरत पड़े। उन्होंने दर्शकों से यह भी कहा कि ‘बिग बॉस’ के घर में हर कंटेस्टेंट अपना गेम खेल रहा है। ऐसे में शो के अंदर किसी के व्यवहार या किसी वायरल क्लिप को उसकी शादी या कैरेक्टर को जज करने का आधार नहीं बनाया जाना चाहिए।
पहले भी विवादों में रहे हैं आसिफ
यह पहली बार नहीं है जब आसिफ खान ‘बिग बॉस 20’ को लेकर सुर्खियों में आए हों। इससे पहले उदिति सिंह के साथ उनकी बहस भी चर्चा में रही थी। उस दौरान उदिति ने आसिफ के जरूरत से ज्यादा फ्रेंडली होने और बातचीत के दौरान उन्हें छूने को लेकर आपत्ति जताई थी। हालांकि, आसिफ ने उस मामले में अपना पक्ष रखते हुए अपना बचाव किया था।

लव गिल के साथ वायरल क्लिप ने फिर खींचा ध्यान
अब लव गिल के साथ सामने आई क्लिप्स के बाद आसिफ एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। वीडियो को लेकर दर्शक अपने-अपने तरीके से बातें कर रहे हैं, लेकिन इन वायरल क्लिप्स से किसी रिश्ते के बारे में कोई निष्कर्ष निकालना अलग बात है। वहीं, जेबा के बयान से इतना साफ है कि वह कुछ सेकंड की वायरल क्लिप्स के आधार पर अपने पति आसिफ और अपनी शादी को लेकर की जा रही चर्चाओं से सहमत नहीं हैं। उन्होंने लोगों से पूरे संदर्भ को समझने और बिना पूरी जानकारी के किसी नतीजे पर नहीं पहुंचने की अपील की है।