
नारी डेस्क : दीपावली और छठ पूजा के दौरान बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे एक खास सुविधा शुरू करने जा रहा है। अब रेलवे ऐसे यात्रियों के मोबाइल नंबर पर मैसेज भेजकर उन स्पेशल ट्रेनों की जानकारी देगा, जिनमें सीटें उपलब्ध होंगी। इससे यात्रियों को समय रहते खाली सीट वाली ट्रेन की जानकारी मिल सकेगी और वे टिकट बुक कर सकेंगे।
पिछले एक साल में बिहार-यूपी जाने वालों को मिलेगा मैसेज
रेलवे ने इसके लिए पिछले एक वर्ष के दौरान बिहार और उत्तर प्रदेश की यात्रा करने वाले यात्रियों के मोबाइल नंबर जुटाए हैं। इन यात्रियों को बल्क मैसेज के जरिए त्योहारों के दौरान चलने वाली विशेष ट्रेनों की जानकारी भेजी जाएगी। मैसेज में उन ट्रेनों की जानकारी दी जाएगी, जिनमें यात्रियों के लिए सीट उपलब्ध होगी। रेलवे की इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को स्पेशल ट्रेनों की जानकारी आसानी से उपलब्ध कराना है।

सामान्य ट्रेनों में सीटें फुल, हवाई किराया भी बढ़ा
दीपावली और छठ के समय बड़ी संख्या में लोग बिहार और यूपी स्थित अपने घरों का रुख करते हैं। ऐसे में सामान्य ट्रेनों में टिकट की मांग काफी बढ़ जाती है और कई ट्रेनों में सीटें उपलब्ध नहीं रहतीं। दूसरी ओर, त्योहारों के दौरान कई रूटों पर विमान किराए में भी बढ़ोतरी देखने को मिलती है। ऐसे में यात्रियों के लिए स्पेशल ट्रेनें एक अहम विकल्प बन जाती हैं।
उत्तर रेलवे चलाएगा करीब 1000 स्पेशल ट्रेन फेरे
उत्तर रेलवे ने इस साल अब तक करीब 1000 स्पेशल ट्रेन फेरों की घोषणा की है। ये विशेष ट्रेनें अक्टूबर के मध्य से नवंबर के अंत तक अलग-अलग रूटों पर चलाए जाने की योजना है। रेलवे के मुताबिक, इस साल पिछले वर्ष की तुलना में अधिक विशेष ट्रेनें चलाने की योजना बनाई गई है, ताकि त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा किया जा सके। पिछले साल देशभर में त्योहारों के दौरान 12 हजार से अधिक स्पेशल ट्रेन फेरे संचालित किए गए थे। इनमें उत्तर रेलवे ने 5,500 से ज्यादा फेरे चलाए थे। इन विशेष ट्रेनों के जरिए यात्रियों के लिए एक करोड़ से अधिक अतिरिक्त सीटें उपलब्ध कराई गई थीं।

यात्रियों को सीधे मिलेगी ट्रेन की जानकारी
उत्तर रेलवे के मुख्य प्रवक्ता हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए उनके मोबाइल पर विशेष ट्रेनों की जानकारी भेजी जाएगी। इसके लिए पिछले कुछ समय में बिहार और उत्तर प्रदेश की यात्रा करने वाले यात्रियों का डेटा जुटाया गया है। रेलवे की कोशिश है कि यात्रियों को समय रहते ऐसी स्पेशल ट्रेनों की जानकारी मिल जाए, जिनमें सीटें उपलब्ध हैं, ताकि वे अपनी यात्रा के लिए टिकट बुक कर सकें।