
नारी डेस्क : हॉलीवुड के मशहूर एक्शन स्टार जैकी चैन के निधन की खबर इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि 72 साल के जैकी चैन अब इस दुनिया में नहीं रहे। हालांकि, यह दावा पूरी तरह फर्जी है। जैकी चैन बिल्कुल ठीक हैं और अपने काम में एक्टिव हैं। दरअसल, सोशल मीडिया पर जैकी चैन की एक ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर वायरल हो रही है। तस्वीर पर उनके नाम के साथ ‘1954-2026’ लिखा हुआ है। इसी तस्वीर को शेयर करते हुए उनके निधन का दावा किया गया। देखते ही देखते यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गई।
जुलाई में सिंगापुर में नजर आए थे जैकी चैन
जैकी चैन की हालिया पब्लिक अपीयरेंस जुलाई 2026 में सिंगापुर में हुई थी। 7 जुलाई को उन्होंने ‘पेई चुन पब्लिक स्कूल’ का दौरा किया था, जहां उन्होंने करीब 900 छात्रों और स्टाफ से मुलाकात की। यह कार्यक्रम ‘लिम फैमिली फाउंडेशन’ की ओर से आयोजित किया गया था। इस दौरान जैकी चैन ने बच्चों के साथ अपने बचपन और फिल्मी करियर से जुड़े कई किस्से शेयर किए। उन्होंने बताया कि बचपन में उनकी सबसे बड़ी चिंता खाना और अपने टीचर की मार से बचना होती थी। एक्टर ने बच्चों को मेहनत करने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए लगातार कोशिश करते रहने की सलाह दी।
बच्चों के साथ गाना भी गाया
स्कूल विजिट के दौरान जैकी चैन ने छात्रों के साथ अपना गाना ‘Hard to Say Goodbye’ भी गाया। उनके इस अंदाज ने वहां मौजूद छात्रों और स्टाफ का दिल जीत लिया। उन्होंने बच्चों के सवालों के जवाब भी दिए और अपने लंबे फिल्मी सफर के अनुभव साझा किए। जैकी चैन ने बच्चों से कहा कि जिंदगी में सपने देखना जरूरी है। हर सपना पूरा हो, यह जरूरी नहीं, लेकिन सपने के बिना आगे बढ़ना और कामयाबी हासिल करना मुश्किल जरूर हो सकता है।
पहले भी उड़ चुकी है जैकी चैन की मौत की अफवाह
जैकी चैन के निधन की फर्जी खबर सोशल मीडिया पर पहली बार नहीं फैली है। इससे पहले 2022 में भी उनकी मौत को लेकर एक पोस्ट तेजी से वायरल हुई थी। बाद में उस खबर को भी फर्जी बताया गया था। इस बार भी वायरल हो रही ‘1954-2026’ वाली तस्वीर ने लोगों के बीच भ्रम पैदा कर दिया। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक जैकी चैन जीवित हैं और उनके निधन की खबर महज एक सोशल मीडिया अफवाह है।