
नारी डेस्क : टीवी की लोकप्रिय अभिनेत्री दीपिका कक्कड़ इन दिनों अपने लीवर कैंसर का इलाज करवा रही हैं। इसी बीच उनके परिवार पर एक और मुश्किल आ गई है। दीपिका की मां रेनू कक्कड़ की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बात की जानकारी खुद दीपिका ने अपने लेटेस्ट व्लॉग में दी, जहां उन्होंने अस्पताल से वीडियो शेयर करते हुए अपनी मां की हेल्थ अपडेट भी फैंस के साथ साझा की।
मां की तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल पहुंचीं दीपिका
अपने व्लॉग में दीपिका कक्कड़ ने बताया कि उनकी मां पिछले कुछ दिनों से पेट (Abdomen) में लगातार दर्द की शिकायत कर रही थीं। शुरुआत में परिवार को लगा कि यह फूड इंफेक्शन की वजह से हो सकता है, इसलिए डॉक्टर से सलाह लेकर दवाइयां और एंटीबायोटिक शुरू की गईं। हालांकि, दवाइयां लेने के बावजूद दर्द में खास राहत नहीं मिली। इसके बाद डॉक्टर ने दवाइयां बदलीं, जिससे कुछ समय के लिए आराम जरूर मिला, लेकिन समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हुई।

13 जुलाई को इमरजेंसी में कराया गया भर्ती
दीपिका ने बताया कि 13 जुलाई को उनकी मां को दोबारा तेज दर्द होने पर कोकिलाबेन अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने उनकी कई जरूरी जांचें कीं। एक्ट्रेस के मुताबिक, जांच रिपोर्ट में कोई बड़ी या गंभीर समस्या सामने नहीं आई। डॉक्टरों का मानना है कि संभवतः कोई दवा उनकी मां के शरीर को सूट नहीं कर रही थी, जिसकी वजह से यह परेशानी हुई।
अब कैसी है रेनू कक्कड़ की तबीयत?
दीपिका ने फैंस को राहत देते हुए बताया कि फिलहाल उनकी मां की हालत पहले से बेहतर है। डॉक्टरों ने उन्हें पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है और उन्होंने यह रूटीन शुरू भी कर दिया है। उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर डॉक्टर उनकी मां को तीन से चार दिन अस्पताल में निगरानी में रखेंगे। फिलहाल उनके पेट का दर्द काफी हद तक ठीक हो चुका है और उनकी हालत स्थिर है।

खुद भी कैंसर का इलाज करवा रही हैं दीपिका
गौरतलब है कि दीपिका कक्कड़ पिछले कुछ महीनों से लीवर कैंसर का इलाज करवा रही हैं। इस दौरान वह लगातार अपनी हेल्थ अपडेट सोशल मीडिया और व्लॉग्स के जरिए फैंस के साथ साझा करती रही हैं। अब अपनी मां की तबीयत बिगड़ने से परिवार एक बार फिर मुश्किल दौर से गुजर रहा है। फैंस भी सोशल मीडिया पर दीपिका और उनकी मां के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।