नारी डेस्क : आज (27 जुलाई) विश्व सिर और गर्दन कैंसर दिवस (World Head and Neck Cancer Day) मनाया जा रहा है। ज्यादा तर सिर और गर्दन के कैंसर के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन जागरूकता की कमी के कारण अधिकतर मरीज देर से डॉक्टर के पास पहुंचते हैं। अच्छी बात यह है कि अगर इस कैंसर का शुरुआती स्टेज में पता चल जाए तो इसका इलाज सफलतापूर्वक किया जा सकता है और मरीज सामान्य जीवन जी सकता है। डॉक्टर के अनुसार, मुंह में लंबे समय तक बना रहने वाला घाव, गले में लगातार दर्द या गर्दन में गांठ जैसे लक्षणों को कभी भी हल्के में नहीं लेना चाहिए।
सिर और गर्दन के किन हिस्सों में हो सकता है कैंसर?
डॉक्टर के अनुसार, सिर और गर्दन का कैंसर केवल गले तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह मुंह (ओरल कैविटी), जीभ, गला, होंठ, नाक और साइनस के साथ-साथ लार ग्रंथियों में भी विकसित हो सकता है। इन अंगों में यदि लंबे समय तक घाव, गांठ, दर्द, सूजन या कोई अन्य असामान्य बदलाव बना रहे, तो इसे सामान्य समस्या मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर जल्द से जल्द कैंसर विशेषज्ञ या ईएनटी डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है, क्योंकि समय पर पहचान होने से इलाज की सफलता की संभावना काफी बढ़ जाती है।

मुंह का घाव कब बन सकता है खतरे की घंटी?
कई बार लोग मुंह के घाव को सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं।
लेकिन यदि घाव 2 से 3 सप्ताह तक ठीक न हो,
दवा या एंटीबायोटिक लेने के बाद भी आराम न मिले,
कोई नुकीला दांत या टूटा हुआ दांत बार-बार जीभ या मुंह में चोट पहुंचा रहा हो,
तो इसे गंभीरता से लेना चाहिए। ऐसे मामलों में तुरंत डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है क्योंकि यह ओरल कैंसर का शुरुआती संकेत हो सकता है।
सिर और गर्दन के कैंसर के मुख्य कारण
डॉक्टर के अनुसार, कुछ आदतें इस कैंसर का खतरा कई गुना बढ़ा देती हैं।
तंबाकू, गुटखा, खैनी, पान मसाला और बीड़ी-सिगरेट का सेवन
अत्यधिक शराब पीना
HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) संक्रमण
मुंह की सही सफाई न करना
लंबे समय तक तेज धूप में रहना, जिससे होंठों के कैंसर का खतरा बढ़ सकता है।

शुरुआती लक्षण जिन्हें बिल्कुल नजरअंदाज न करें
अगर नीचे दिए गए लक्षण लगातार बने रहें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
मुंह का घाव जो 2–3 सप्ताह में न भरे
गले में लगातार दर्द या खराश
आवाज बैठ जाना
निगलने में परेशानी
गर्दन में गांठ महसूस होना
मुंह से खून आना
मुंह के अंदर सफेद या लाल धब्बे दिखाई देना
बिना किसी कारण तेजी से वजन घटना।
कैसे करें खुद का बचाव?
सिर और गर्दन के कैंसर से बचने के लिए इन बातों का पालन करें
तंबाकू और शराब से पूरी तरह दूरी बनाएं।
रोजाना दांत और मुंह की अच्छी तरह सफाई करें।
संतुलित और पौष्टिक आहार लें।
किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज न करें।
समय-समय पर दंत चिकित्सक या विशेषज्ञ डॉक्टर से जांच कराते रहें।
HPV संक्रमण से बचाव के लिए डॉक्टर की सलाह अनुसार वैक्सीनेशन पर भी विचार किया जा सकता है।

नोट: यदि आपको बताए गए लक्षणों में से कोई भी लगातार महसूस हो रहा है, तो तुरंत योग्य डॉक्टर या कैंसर विशेषज्ञ से जांच और उपचार कराएं।