
नारी डेस्क: नेशनल अवॉर्ड जीतने वाली डिज़ाइनर नीता लुल्ला ने फ़िल्ममेकर संजय लीला भंसाली की 2002 की ब्लॉकबस्टर फ़िल्म "देवदास" पर काम करने के अपने अनुभव को याद करते हुए इतिहास के पन्ने पलटे। उन्होंने बताया कि कैसे इस फ़िल्म ने डेडिकेटेड कॉस्ट्यूम असिस्टेंट्स को शामिल करके भारतीय सिनेमा में कॉस्ट्यूम डिज़ाइन के काम करने के तरीके को बदल दिया। नीता ने एक वीडियो शेयर किया जिसमें वह 'देवदास' के लिए तैयार किए गए कॉस्ट्यूम्स के बारे में बात कर रही हैं। क्लिप में उन्होंने फ़िल्म में पारो के किरदार में ऐश्वर्या के कई लुक्स भी दिखाए।
नीता ने कहा- "मुझे 'देवदास' पर काम करने के दिनों की यादें ताज़ा हो गईं। मैं तब एक नई डिज़ाइनर थी, तुलनात्मक रूप से नई और उस समय मेरे पास कोई बड़ा वर्कशॉप नहीं था। मेरे पास पांच से छह मास्टर टेलर थे जो मेरे साथ कपड़े काटते और सिलते थे। हमने ये आउटफिट्स कैसे बनाए, कैसे दिन-रात काम किया और 'देवदास' के लिए लुक तैयार किया, यह सोचकर आज भी मुझे हैरानी होती है।"नीता ने आगे कहा- "यह पहली बार था जब मैंने मदद मांगी थी, और संजय ने मुझे पांच असिस्टेंट दिए थे। फ़िल्ममेकिंग के इतिहास में यह भी पहली बार था जब किसी डिजाइनर के पास सेट पर लुक्स की निगरानी के लिए पांच असिस्टेंट थे, ताकि वे बिल्कुल बेहतरीन दिखें।"

देवदास' फ़िल्म के सबसे यादगार पलों में से एक है फ़िल्म के क्लाइमैक्स सीन में ऐश्वर्या राय का शानदार लुक। हालांकि, बहुत कम लोग जानते हैं कि यह लुक रातों-रात तैयार किया गया था, जब डायरेक्टर संजय लीला भंसाली ने अचानक इसमें बदलाव का सुझाव दिया था। एक इंटरव्यू में, नीता लुल्ला ने बताया था कि- "मेरे पास वह लुक तैयार करने के लिए सिर्फ़ एक रात का समय था। पूरी फ़िल्म में 12-14 मीटर लंबी साड़ियों का इस्तेमाल किया गया था। पूरा पहनावा तैयार करने के लिए मुझे दो या तीन साड़ियों को काटना पड़ा था। लुल्ला ने बताया था कि 13 मीटर की साड़ी बिल्कुल नए सिरे से तैयार करने के लिए बहुत तेज़ी से काम करना पड़ा। अगली सुबह 8:30 बजे तक साड़ी तैयार हो गई थी जाे कि अपने आप में बेहद बड़ी बात थी।

नीता लुल्ला ने अपने कैप्शन में लिखा- कैप्शन में नीता ने कहा कि "देवदास" सिर्फ़ एक बेहतरीन फ़िल्म नहीं थी। इसने चुपचाप भारतीय सिनेमा में कॉस्ट्यूम डिज़ाइन के काम करने के तरीके को बदल दिया। मैंने और मेरी टीम ने एक छोटे से वर्कशॉप से दिन-रात काम करके कुछ ऐसा शानदार किया जिसने इतिहास रच दिया। पहली बार, कॉस्ट्यूम असिस्टेंट्स की एक डेडिकेटेड टीम फ़िल्ममेकिंग प्रोसेस का ज़रूरी हिस्सा बनी।" उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए कहा- “हाथ से तैयार किए गए सैकड़ों लुक्स, कई किरदारों और हर फ्रेम में बारीकी से बनाए गए तालमेल के साथ, कॉस्ट्यूम डिज़ाइन एक ऐसा डिपार्टमेंट बन गया जिसमें सटीकता, प्लानिंग और आपसी सहयोग की ज़रूरत थी। दर्शकों को जो भव्यता बहुत आसान और सहज लगती थी, वह असल में पर्दे के पीछे काम करने के एक बिल्कुल नए तरीके से मुमकिन हो पाई थी।” “देवदास” में जैकी श्रॉफ, किरण खेर, स्मिता जयकर और विजयेन्द्र घाटगे भी हैं।