29 JUNMONDAY2026 3:37:26 PM
Life Style

Venezuela में भूकंप से तबाही, दो दिन बाद फिर महसूस हुए झटके; अब तक 920 मौतें!

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 27 Jun, 2026 10:18 AM
Venezuela में भूकंप से तबाही, दो दिन बाद फिर महसूस हुए झटके; अब तक 920 मौतें!

नारी डेस्क:  दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला इस समय अपने इतिहास की सबसे भीषण प्राकृतिक आपदाओं में से एक का सामना कर रहा है। दो दिन पहले आए विनाशकारी भूकंप ने पूरे देश में भारी तबाही मचा दी। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार अब तक 920 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3,500 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा हजारों लोग अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश लगातार जारी है। कई शहरों में इमारतें पूरी तरह ढह गई हैं और बड़ी संख्या में लोग बेघर हो गए हैं।

दोबारा महसूस हुए भूकंप के झटके, लोगों में दहशत

मुख्य भूकंप के बाद भी वेनेजुएला में लोगों की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। शनिवार सुबह एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे पहले से डरे हुए लोगों में दहशत फैल गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार इस बार भूकंप की तीव्रता 4.9 मापी गई है। विशेषज्ञ इसे पहले आए बड़े भूकंप के बाद आने वाला आफ्टरशॉक मान रहे हैं। राहत शिविरों और खुले स्थानों पर रह रहे लोग एक बार फिर डर के माहौल में आ गए।

7.2 और 7.5 तीव्रता के दो बड़े झटकों ने बदली तस्वीर

दो दिन पहले आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के लगातार दो शक्तिशाली भूकंपों ने वेनेजुएला के कई इलाकों को मलबे में बदल दिया। बड़ी संख्या में मकान, अस्पताल, स्कूल और अन्य सार्वजनिक इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। सड़कें टूट गईं, बिजली और संचार सेवाएं बाधित हो गईं, जिससे राहत और बचाव कार्य भी प्रभावित हुआ। कई क्षेत्रों में अब भी भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर लोगों की तलाश की जा रही है।

USGS ने दी आफ्टरशॉक की जानकारी

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार शनिवार सुबह 4.9 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। एजेंसी ने बताया कि इसका केंद्र जमीन से लगभग 55 किलोमीटर की गहराई में था। विशेषज्ञों का कहना है कि इतने बड़े भूकंप के बाद कई दिनों या हफ्तों तक आफ्टरशॉक आते रह सकते हैं, इसलिए प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। USGS ने यह भी जानकारी दी कि इस सप्ताह दुनिया भर में 4.5 या उससे अधिक तीव्रता के कुल 93 भूकंप दर्ज किए गए हैं। इनमें वेनेजुएला के दो बड़े भूकंप के अलावा जापान के तट के पास 6.9 तीव्रता और उत्तरी कैलिफोर्निया में 5.6 तीव्रता का भूकंप भी शामिल है।

भारत ने शुरू किया 'ऑपरेशन अमिस्ताद'

वेनेजुएला में आई इस भीषण आपदा के बाद भारत ने मानवीय सहायता और आपदा राहत अभियान 'ऑपरेशन अमिस्ताद' की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत भारतीय सेना की एक विशेष मेडिकल टीम को प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य के लिए भेजा गया है। भारतीय सेना के 60 पैरा फील्ड हॉस्पिटल से 41 सदस्यीय दल भारतीय वायुसेना के दो विमानों के जरिए वेनेजुएला रवाना हुआ है। इस टीम में नौ अनुभवी सैन्य चिकित्सक भी शामिल हैं। यह दल आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने, गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज करने, सर्जरी, ट्रॉमा प्रबंधन और गहन चिकित्सा सुविधा देने का काम करेगा।

ये भी पढ़ें:  21 साल की युवती को कभी नहीं आए Periods, पेरेंट्स ने करवाया इलाज तो जांच में सामने आई ये बीमारी

कई देशों ने बढ़ाया मदद का हाथ

वेनेजुएला में आई इस त्रासदी के बाद दुनिया के कई देशों ने राहत सामग्री, चिकित्सा सहायता और बचाव दल भेजने की घोषणा की है। भारत के अलावा स्पेन, इटली, जर्मनी, ब्राजील, कनाडा, मैक्सिको, कोलंबिया, क्यूबा और अल साल्वाडोर समेत कई देशों ने मानवीय सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।

अमेरिका ने की बड़े राहत अभियान की घोषणा

अमेरिका ने भी वेनेजुएला के लिए बड़े स्तर पर राहत अभियान शुरू करने की घोषणा की है। अमेरिकी प्रशासन ने कहा है कि सरकार के विभिन्न विभाग मिलकर राहत कार्यों में सहयोग करेंगे। इसके तहत युद्धपोत, परिवहन विमान, हेलीकॉप्टर और अन्य संसाधन राहत अभियान में लगाए जाएंगे। साथ ही लगभग 15 करोड़ डॉलर की सहायता देने की योजना भी घोषित की गई है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि अमेरिका की ओर से भेजी जाने वाली सहायता तेज, व्यापक और प्रभावी होगी ताकि प्रभावित लोगों तक जल्द से जल्द मदद पहुंचाई जा सके।

ब्राजील ने भेजा फील्ड हॉस्पिटल और बचाव दल

ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने वेनेजुएला के लिए फील्ड हॉस्पिटल, दमकल कर्मियों और राहत विशेषज्ञों की टीम भेजने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह KC-390 विमान के जरिए मानवीय खोज एवं शहरी बचाव मिशन रवाना किया जाएगा। इस मिशन में 36 फायरफाइटर, आठ जोखिम मूल्यांकन और दूरसंचार विशेषज्ञ शामिल होंगे। इसके साथ करीब नौ टन राहत और बचाव उपकरण भी भेजे जा रहे हैं, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से राहत कार्य संचालित किया जा सके।

हजारों लोगों के सामने जीवन फिर से शुरू करने की चुनौती

भूकंप के बाद हजारों परिवारों का सब कुछ उजड़ चुका है। बड़ी संख्या में लोग राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं। भोजन, स्वच्छ पानी, दवाइयों और अस्थायी आश्रय की भारी जरूरत बनी हुई है। राहत एजेंसियां लगातार प्रभावित लोगों तक मदद पहुंचाने में जुटी हैं, लेकिन व्यापक तबाही के कारण हालात अब भी बेहद चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि वेनेजुएला को इस आपदा से पूरी तरह उबरने में लंबा समय लग सकता है।  

 

Related News