
नारी डेस्क: मनोरंजन और सोशल मीडिया की दुनिया से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। बांग्लादेश की मशहूर कंटेंट क्रिएटर, एक्ट्रेस और स्क्रीनप्ले राइटर करीना कायसर का महज 30 साल की उम्र में निधन हो गया। उनकी अचानक मौत की खबर ने फैंस से लेकर कलाकारों तक सभी को गहरे सदमे में डाल दिया है। बताया जा रहा है कि करीना पिछले कुछ समय से गंभीर लिवर बीमारी से जूझ रही थीं और इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
चेन्नई के अस्पताल में हुआ निधन
जानकारी के मुताबिक, करीना कायसर ने शुक्रवार (15 मई) की रात तमिलनाडु के वेल्लोर स्थित अस्पताल में दम तोड़ दिया। उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बांग्लादेश से भारत लाया गया था। करीना को चेन्नई के मशहूर क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज (CMC) अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टर उनकी जान बचाने की कोशिश में जुटे थे। हालांकि तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

मामूली बुखार से शुरू हुई थी परेशानी
करीना के पति मोहम्मद के मुताबिक, कुछ दिन पहले उन्हें सामान्य बुखार हुआ था। शुरुआत में बीमारी ज्यादा गंभीर नहीं लगी, लेकिन धीरे-धीरे उनकी हालत खराब होने लगी। डॉक्टरों की जांच में सामने आया कि करीना हेपेटाइटिस ‘A’ और ‘E’ संक्रमण की चपेट में आ गई थीं। इस गंभीर संक्रमण की वजह से उनका लिवर बुरी तरह प्रभावित हुआ और धीरे-धीरे उसने काम करना बंद कर दिया।
लाइफ सपोर्ट पर थीं करीना
ढाका के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान जब उनकी हालत ज्यादा बिगड़ गई, तो उन्हें वेंटिलेटर यानी लाइफ सपोर्ट पर रखा गया। बाद में डॉक्टरों की सलाह पर 11 मई को एयर एम्बुलेंस के जरिए उन्हें चेन्नई शिफ्ट किया गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, डॉक्टर उनके फेफड़ों के इन्फेक्शन को कंट्रोल करने और लिवर ट्रांसप्लांट की तैयारी में लगे थे। लेकिन शरीर लगातार कमजोर होता गया और आखिरकार इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बेटी की मौत से टूट गए पिता
करीना कायसर बांग्लादेश के पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉलर मोहम्मद कायसर हामिद की बेटी थीं। बेटी के निधन के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा की, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। उन्होंने करीना के साथ अपनी एक तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा कि भारी दिल के साथ उन्हें यह बताना पड़ रहा है कि उनकी प्यारी बेटी अब इस दुनिया में नहीं रही। उन्होंने लोगों से करीना की गलतियों को माफ करने और परिवार के लिए दुआ करने की अपील भी की।
कौन थीं करीना कायसर?
करीना कायसर बांग्लादेश की जानी-मानी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और कलाकार थीं। उन्होंने अपने वीडियो कंटेंट और एक्टिंग के जरिए कम उम्र में बड़ी पहचान बनाई थी। सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग थी और लोग उनके काम को काफी पसंद करते थे। एक्टिंग के अलावा करीना इन दिनों कई प्रोजेक्ट्स के लिए स्क्रीनप्ले राइटिंग का काम भी कर रही थीं। उनकी रचनात्मक सोच और बेहतरीन काम की वजह से इंडस्ट्री में उन्हें काफी पसंद किया जाता था।

फैंस और इंडस्ट्री में शोक की लहर
करीना के निधन की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर शोक की लहर दौड़ गई। उनके फैंस लगातार पोस्ट शेयर कर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। कई कलाकारों और कंटेंट क्रिएटर्स ने भी उनके निधन पर दुख जताया है। महज 30 साल की उम्र में इस तरह अचानक दुनिया छोड़ जाना उनके चाहने वालों के लिए किसी बड़े सदमे से कम नहीं है।