
नारी डेस्क: मुलायम परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव के भाई और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया। इस खबर ने पूरे देश को हिला कर रख दिया। प्रतीक लगभग 38 वर्ष के थे, उनकी मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक प्रतीक को तबीयत खराब होने पर सुबह सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वह सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के पुत्र और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति थे। सेहत के प्रति बेहद जागरुक रहने वाले यादव राजनीतिक परिवार से होने के बावजूद सियासत से दूर रहते थे।

हालांकि, उनकी पत्नी अपर्णा बिष्ट यादव भाजपा में शामिल हुईं और वर्तमान में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। अपर्णा यादव अक्सर राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों को लेकर चर्चा में रहती हैं। प्रतीक यादव ने ब्रिटेन की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से पढ़ाई की थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने राजनीति में आने के बजाय बिजनेस और फिटनेस सेक्टर में अपना करियर बनाया।