
नारी डेस्क : टीवी इंडस्ट्री के सबसे पसंदीदा कपल्स में से एक Gaurav Khanna और Akanksha Chamola अपनी शादीशुदा जिंदगी को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। हाल ही में सामने आई खबरों के मुताबिक, शादी के करीब 10 साल बाद दोनों के रिश्ते में दरार आ गई है और अब उनके तलाक की चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस खबर ने उनके फैंस को बड़ा झटका दिया है, क्योंकि दोनों को अक्सर एक-दूसरे को सपोर्ट करते और खुशहाल रिश्ते की मिसाल पेश करते देखा गया है।
'Lock Upp 2' में आकांक्षा का बड़ा खुलासा
रिपोर्ट्स के अनुसार, Lock Upp के नए सीजन में एंट्री लेते ही आकांक्षा चमोला ने खुलासा किया कि वह और गौरव पिछले एक साल से अलग रह रहे हैं और अब दोनों आधिकारिक तौर पर तलाक की ओर बढ़ रहे हैं। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर दोनों की निजी जिंदगी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

बच्चों को लेकर अलग थी दोनों की सोच?
तलाक की खबरों के बीच गौरव खन्ना का एक पुराना बयान भी चर्चा में आ गया है, जिसमें उन्होंने परिवार और बच्चों को लेकर अपनी इच्छा जाहिर की थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Bigg Boss के दौरान गौरव ने कहा था कि वह एक समय पिता बनना चाहते थे, लेकिन उन्होंने हमेशा अपनी पत्नी की भावनाओं और फैसलों का सम्मान किया। उन्होंने कभी भी आकांक्षा पर परिवार बढ़ाने का दबाव नहीं बनाया।
'बच्चा बड़ी जिम्मेदारी है'
गौरव का मानना था कि बच्चा केवल खुशी नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा था कि दोनों की व्यस्त प्रोफेशनल लाइफ के बीच बच्चे की सही परवरिश करना आसान नहीं होगा। उनका मानना था कि बच्चे की जिम्मेदारी किसी और के भरोसे छोड़ना सही नहीं है।

मां नहीं बनना चाहती थीं आकांक्षा
वहीं, फैमिली वीक के दौरान आकांक्षा चमोला ने भी साफ कहा था कि उन्हें कभी मां बनने की इच्छा महसूस नहीं हुई। उन्होंने बताया था कि वह अपने करियर और व्यक्तिगत सपनों पर ध्यान देना चाहती हैं। आकांक्षा का कहना था कि बच्चा पैदा करना एक बड़ा फैसला है और जब तक कोई व्यक्ति मानसिक रूप से तैयार न हो, तब तक उसे यह जिम्मेदारी नहीं उठानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा था कि अगर लोग उनकी सोच को स्वार्थी मानते हैं, तो यह उनकी अपनी राय हो सकती है।
हमेशा पत्नी के फैसले के साथ खड़े रहे गौरव
दिलचस्प बात यह है कि उस समय गौरव ने अपनी पत्नी का खुलकर समर्थन किया था। उन्होंने कहा था कि आकांक्षा स्वार्थी नहीं हैं, बल्कि अपनी सोच और फैसलों को लेकर ईमानदार और व्यावहारिक हैं। अब तलाक की खबरों के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोग यह कयास लगा रहे हैं कि परिवार बढ़ाने को लेकर दोनों की अलग-अलग सोच शायद उनके रिश्ते में दूरियों की वजह बनी हो। हालांकि, अभी तक न तो गौरव खन्ना और न ही आकांक्षा चमोला ने इस बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी किया है।