
नारी डेस्क: बरसात का मौसम राहत तो लेकर आता है, लेकिन इसके साथ उमस, ज्यादा पसीना और शरीर से आने वाली बदबू जैसी कई परेशानियां भी बढ़ जाती हैं। सबसे ज्यादा असर अंडरआर्म्स पर पड़ता है, जहां लगातार नमी रहने से बैक्टीरिया और फंगल संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में कई लोगों के मन में सवाल उठता है कि क्या इस मौसम में अंडरआर्म्स के बाल साफ कर देने चाहिए? हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि इसका जवाब आपकी जरूरत और हाइजीन की आदतों पर निर्भर करता है।
क्या अंडरआर्म्स के बाल हटाना जरूरी है
विशेषज्ञों के मुताबिक अंडरआर्म्स के बाल हटाना कोई मेडिकल जरूरत नहीं है। यह पूरी तरह व्यक्तिगत पसंद का मामला है। अगर कोई व्यक्ति बाल नहीं हटाता, लेकिन नियमित रूप से साफ-सफाई का ध्यान रखता है, तो उसे किसी तरह की परेशानी नहीं होती। वहीं कुछ लोगों को बाल ट्रिम या शेव करने से पसीना कम महसूस होता है और डियोड्रेंट लगाना भी आसान हो जाता है। अगर आपको सामान्य से ज्यादा पसीना आता है या बदबू की समस्या रहती है, तो बाल ट्रिम या साफ करना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है।

क्या बालों की वजह से ज्यादा आती है बदबू
कई लोगों को लगता है कि अंडरआर्म्स के बाल ही बदबू की वजह होते हैं, लेकिन ऐसा पूरी तरह सही नहीं है। दरअसल, पसीने में खुद कोई गंध नहीं होती। बदबू तब पैदा होती है, जब त्वचा पर मौजूद बैक्टीरिया पसीने को तोड़ना शुरू करते हैं। अंडरआर्म्स के घने बाल पसीने और नमी को कुछ समय तक रोककर रख सकते हैं। इससे बैक्टीरिया को बढ़ने के लिए अनुकूल माहौल मिल जाता है, जिसके कारण दुर्गंध बढ़ सकती है। इसलिए सिर्फ बाल हटाना ही समाधान नहीं है, बल्कि नियमित सफाई सबसे ज्यादा जरूरी है।

मानसून में अंडरआर्म्स की सफाई कैसे रखें
बरसात के मौसम में रोज कम से कम एक बार अच्छी तरह नहाना चाहिए और अंडरआर्म्स को साबुन से अच्छी तरह साफ करना चाहिए। नहाने के बाद इस हिस्से को पूरी तरह सुखाना भी बेहद जरूरी है, क्योंकि लगातार नमी रहने से फंगल इंफेक्शन और बैक्टीरिया तेजी से पनप सकते हैं। अगर जरूरत महसूस हो तो पसीना नियंत्रित करने के लिए एंटीपर्सपिरेंट या डियोड्रेंट का इस्तेमाल किया जा सकता है। साथ ही ढीले और कॉटन के कपड़े पहनने से भी त्वचा को सूखा रखने में मदद मिलती है।

बाल हटाने के बाद इन बातों का रखें खास ध्यान
अगर आप शेविंग, वैक्सिंग या हेयर रिमूवल क्रीम का इस्तेमाल करते हैं, तो बाद में त्वचा की सही देखभाल करना भी जरूरी है। शेविंग के तुरंत बाद हल्का और बिना खुशबू वाला मॉइस्चराइजर लगाएं ताकि त्वचा में रूखापन या जलन न हो। कुछ घंटों तक तेज खुशबू वाले डियोड्रेंट या परफ्यूम वाले प्रोडक्ट्स लगाने से बचें, क्योंकि इससे त्वचा में जलन हो सकती है। यदि शेविंग के बाद कट, लालिमा, खुजली या संक्रमण के लक्षण दिखाई दें, तो उस हिस्से को ठीक होने का समय दें और जरूरत पड़ने पर त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लें।