नारी डेस्क : हर माता-पिता का सपना होता है कि उनकी बेटी बड़ी होकर आत्मविश्वासी, समझदार और मजबूत इंसान बने। आज बेटियां हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर रही हैं, लेकिन इसके साथ ही उन्हें कई तरह की चुनौतियों का भी सामना करना पड़ता है। खासकर 11 से 14 साल की उम्र के बीच, जब बच्चियां किशोरावस्था में कदम रखती हैं, उनके शरीर, भावनाओं और सोच में तेजी से बदलाव आने लगते हैं। यह उम्र सीखने और व्यक्तित्व के निर्माण की नींव रखने वाली होती है। इसी दौरान बच्चे दूसरों की बातों, सोशल मीडिया, दोस्तों और आसपास के माहौल से बहुत जल्दी प्रभावित होने लगते हैं। ऐसे में माता-पिता की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। अगर बच्चियों को बचपन में ही ये बातें समझा दी जाएं, तो वे जीवन की मुश्किल परिस्थितियों का सामना ज्यादा मजबूती से कर सकती हैं।
हर कोई तुम्हें पसंद नहीं करेगा और यह बिल्कुल ठीक है
बच्चों, खासकर बेटियों को अक्सर यह सिखाया जाता है कि सबको खुश रखना चाहिए। लेकिन सच्चाई यह है कि जीवन में हर व्यक्ति आपको पसंद नहीं करेगा। कोई आपकी तारीफ करेगा तो कोई आलोचना भी करेगा। अपनी बेटी को समझाएं कि उसकी पहचान दूसरों की राय से तय नहीं होती। उसे केवल लोगों की मंजूरी पाने के लिए खुद को बदलने की जरूरत नहीं है। अगर कोई उसे कमतर दिखाने की कोशिश करे या उसके बारे में गलत राय बनाए, तो उसे खुद को कमजोर नहीं समझना चाहिए। जब बेटी के अंदर यह आत्मविश्वास बचपन से ही विकसित हो जाता है कि उसकी कीमत दूसरों की सोच से तय नहीं होती, तो वह मानसिक रूप से कहीं ज्यादा मजबूत बनती है और किसी के दबाव में गलत फैसले नहीं लेती।

तुम्हारी बॉडी, तुम्हारी बाउंड्रीज – 'ना' कहना सीखो
हर लड़की को कम उम्र से ही अपनी सीमाओं और व्यक्तिगत सुरक्षा के बारे में समझाना बेहद जरूरी है। उसे बताएं कि उसका शरीर उसका अपना है और कोई भी व्यक्ति, चाहे वह कितना ही करीबी क्यों न हो, उसे असहज महसूस कराने का अधिकार नहीं रखता। अगर कोई व्यवहार, स्पर्श या बात उसे गलत लगे, तो उसे बिना डर और झिझक के 'ना' कहना आना चाहिए। बेटियों को यह भी सिखाएं कि अपनी सुरक्षा और आत्मसम्मान के लिए आवाज उठाना गलत नहीं है। जब बच्चे अपने फैसलों और भावनाओं पर भरोसा करना सीख जाते हैं, तो वे किसी भी दबाव, डर या बहकावे का शिकार होने से काफी हद तक बच जाते हैं।
सबसे लंबा रिश्ता तुम्हें खुद के साथ निभाना है
हम अक्सर बच्चों को दूसरों के साथ अच्छे रिश्ते बनाने की सीख देते हैं, लेकिन यह बताना भूल जाते हैं कि सबसे महत्वपूर्ण रिश्ता उनका खुद के साथ होता है। अपनी बेटी को सिखाएं कि वह खुद से कैसे बात करती है, इसका उसके आत्मविश्वास और व्यक्तित्व पर गहरा असर पड़ता है। जो बातें वह बार-बार अपने बारे में सोचती या कहती है, वही धीरे-धीरे उसके विश्वास बन जाती हैं। उसे खुद को प्यार करना, अपनी खूबियों को पहचानना और गलतियों से सीखना सिखाएं। साथ ही, यह भी समझाएं कि हर व्यक्ति उसके जीवन में अच्छा इरादा लेकर नहीं आता। सही और गलत लोगों की पहचान करना, अपनी भावनाओं को समझना और जरूरत पड़ने पर मदद मांगना भी उतना ही जरूरी है।

बेटियों को मजबूत बनाने के लिए क्या करें?
उनकी बातों को ध्यान से सुनें।
उन्हें अपने फैसले लेने के छोटे-छोटे अवसर दें।
गलतियों पर डांटने के बजाय समझाएं।
आत्मरक्षा और व्यक्तिगत सुरक्षा के बारे में खुलकर बात करें।
उनकी तुलना किसी दूसरे बच्चे से न करें।
उन्हें यह एहसास दिलाएं कि घर हमेशा उनके लिए एक सुरक्षित जगह है।
बेटियों को मजबूत बनाने का मतलब सिर्फ उन्हें अच्छी पढ़ाई या बेहतर करियर देना नहीं है, बल्कि उन्हें मानसिक रूप से इतना सक्षम बनाना भी है कि वे सही और गलत में फर्क कर सकें, अपनी सीमाओं को समझें और किसी भी परिस्थिति में खुद पर भरोसा बनाए रखें।