
नारी डेस्क : कंधे में दर्द होना एक आम समस्या मानी जाती है, जो गलत पोस्चर, भारी सामान उठाने या मांसपेशियों में खिंचाव के कारण हो सकती है। लेकिन अगर यह दर्द 2 हफ्तों से ज्यादा समय तक बना रहे, तो इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। डॉक्टर के अनुसार, लंबे समय तक रहने वाला कंधे का दर्द कई गंभीर बीमारियों का संकेत भी हो सकता है। ऐसे में समय रहते जांच और उपचार करवाना बेहद जरूरी है।
फ्रोजन शोल्डर का संकेत हो सकता है दर्द
अगर कंधे में अकड़न महसूस हो रही है और हाथ को ऊपर उठाने या घुमाने में परेशानी हो रही है, तो यह फ्रोजन शोल्डर का लक्षण हो सकता है। इस स्थिति में कंधे की मूवमेंट धीरे-धीरे सीमित होने लगती है और दर्द लंबे समय तक बना रह सकता है।

रोटेटर कफ इंजरी की हो सकती है वजह
हाथ को साइड में उठाने पर तेज दर्द महसूस होना रोटेटर कफ इंजरी का संकेत हो सकता है। रोटेटर कफ कंधे की मांसपेशियों और टेंडन का समूह होता है, जो कंधे को स्थिरता प्रदान करता है। चोट लगने या अधिक इस्तेमाल के कारण इसमें समस्या हो सकती है।
सर्वाइकल नर्व कंप्रेशन का लक्षण
यदि दर्द गर्दन से शुरू होकर कंधे और हाथ तक फैल रहा है या हाथों में झनझनाहट महसूस हो रही है, तो यह सर्वाइकल नर्व कंप्रेशन की वजह से हो सकता है। यह स्थिति गर्दन की नसों पर दबाव पड़ने के कारण होती है।

दिल की बीमारी का भी हो सकता है संकेत
विशेषज्ञों के अनुसार, बाएं कंधे में लगातार दर्द होना कुछ मामलों में दिल से जुड़ी समस्याओं का संकेत हो सकता है। यदि दर्द बढ़ता जाए और छाती या जबड़े तक फैलने लगे, तो यह हार्ट अटैक का लक्षण भी हो सकता है। ऐसी स्थिति में तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेना जरूरी है।
दाएं कंधे का दर्द इन समस्याओं से जुड़ा हो सकता है
अगर दाएं कंधे में कई दिनों से दर्द बना हुआ है, तो यह गॉलब्लैडर या फेफड़ों से जुड़ी किसी समस्या का संकेत हो सकता है। इसलिए लंबे समय तक रहने वाले दर्द को हल्के में नहीं लेना चाहिए।

जानें कब डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए
अगर कंधे का दर्द 2 हफ्तों से ज्यादा समय तक बना रहे, लगातार बढ़ रहा हो या हाथों की सामान्य गतिविधियों में बाधा डाल रहा हो, तो तुरंत डॉक्टर से परामर्श लें। समय पर जांच और इलाज कई गंभीर बीमारियों की पहचान और उपचार में मदद कर सकता है।
नोट: यह जानकारी सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी स्वास्थ्य समस्या के लिए डॉक्टर की सलाह लेना आवश्यक है।