08 JUNMONDAY2026 10:27:28 AM
Life Style

दर्दनाक हालात में फंसी फेमस हीरोइन, इलाज के लिए अस्पताल ने भी कर दिया मना

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 17 May, 2026 10:48 AM
दर्दनाक हालात में फंसी फेमस हीरोइन, इलाज के लिए अस्पताल ने भी कर दिया मना

नारी डेस्क:  तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में लंबे समय तक अपनी दमदार अदाकारी से पहचान बनाने वाली वेटरन अभिनेत्री Pavala Syamala इन दिनों बेहद मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। एक समय बड़े पर्दे पर अपनी मौजूदगी से दर्शकों का दिल जीतने वाली यह अभिनेत्री अब खराब स्वास्थ्य, आर्थिक तंगी और इलाज की परेशानियों से जूझ रही हैं। हाल ही में उनके साथ हुई एक दर्दनाक घटना ने फिल्म इंडस्ट्री और फैंस को भावुक कर दिया है।

अस्पताल ने भर्ती करने से किया इनकार

रिपोर्ट्स के मुताबिक, 15 मई को पावला श्यामला हैदराबाद के कुकटपल्ली इलाके स्थित एक निजी अस्पताल में हार्ट संबंधी बीमारी के इलाज के लिए पहुंची थीं। बताया जा रहा है कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण अस्पताल प्रशासन ने उन्हें भर्ती करने से मना कर दिया। इस दौरान उनकी तबीयत लगातार खराब बनी रही। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि अस्पताल की ओर से उनके लिए एक कैब की व्यवस्था की गई थी, लेकिन बाद में कैब ड्राइवर उन्हें सड़क पर ही छोड़कर चला गया। इसके बाद अभिनेत्री काफी देर तक सड़कों पर भटकती नजर आईं।

PunjabKesari

सड़क पर भटकती मिलीं अभिनेत्री

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पावला श्यामला बेहद परेशान और असमंजस की हालत में सड़क पर घूमती दिखाई दीं। राहगीरों ने उन्हें पहचान लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और उनकी मदद के लिए आरके फाउंडेशन से संपर्क किया। यह घटना सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने चिंता जताई और फिल्म इंडस्ट्री में कलाकारों की स्थिति को लेकर सवाल उठने लगे।

कई सालों से चल रही हैं स्वास्थ्य समस्याएं

रिपोर्ट के अनुसार, पिछले दो-तीन वर्षों से आरके फाउंडेशन की ओर से पावला श्यामला का मुफ्त इलाज कराया जा रहा था। फाउंडेशन के डॉ. रामकृष्ण ने बताया कि संस्था में कार्डियोलॉजी की विशेष सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें एडवांस इलाज के लिए दूसरे अस्पताल भेजा गया था। फिलहाल अभिनेत्री का इलाज एक अन्य अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टरों का कहना है कि स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उन्हें फिर से फाउंडेशन में शिफ्ट किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें: मनोरंजन जगत को बड़ा झटका: 30 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह गईं सोशल मीडिया स्टार

आर्थिक तंगी ने बढ़ाई मुश्किलें

पावला श्यामला की आर्थिक परेशानियां पहली बार साल 2021 में चर्चा में आई थीं। उस समय फिल्ममेकर जोड़ी Raj Nidimoru और Krishna D.K. ने सोशल मीडिया के जरिए उनके लिए फंडरेजर शुरू किया था और लोगों से मदद की अपील की थी। बताया गया था कि अभिनेत्री के पास रोजमर्रा का खर्च चलाने तक के पैसे नहीं थे। इतना ही नहीं, इलाज और घर खर्च के लिए उन्हें अपने अवॉर्ड्स और ट्रॉफियां तक बेचनी पड़ी थीं।

इंडस्ट्री से मिला सहयोग

मुश्किल वक्त में तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारे उनकी मदद के लिए आगे आए थे। अभिनेता Allu Arjun ने हर महीने 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया था। वहीं अभिनेता Sai Dharam Tej ने फिल्म जर्नलिस्ट एसोसिएशन के जरिए एक लाख रुपये की मदद दी थी। एक वीडियो बातचीत के दौरान पावला श्यामला इन मददों को याद कर भावुक हो गई थीं। उन्होंने यह भी बताया था कि Chiranjeevi ने भी मुश्किल समय में उनका साथ दिया था।

PunjabKesari

बेटी की बीमारी ने और बढ़ाई परेशानी

फंडरेजर अभियान में यह भी बताया गया था कि पावला श्यामला की बेटी लंबे समय से बिस्तर पर हैं और टीबी जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं। परिवार की जिम्मेदारियों और लगातार बढ़ते इलाज के खर्च ने अभिनेत्री की आर्थिक हालत को और ज्यादा खराब कर दिया। पावला श्यामला ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत साल 1984 में आई तेलुगु फिल्म Challenge से की थी। इसके बाद उन्होंने कई चर्चित फिल्मों में काम किया और तेलुगु सिनेमा की लोकप्रिय सपोर्टिंग अभिनेत्रियों में गिनी जाने लगीं। वह Khadgam, Andhrudu, Baba Lodge और Golimaar जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। बताया जाता है कि वह आखिरी बार साल 2019 में बड़े पर्दे पर दिखाई दी थीं।
 

 

Related News