
नारी डेस्क: बॉलीवुड स्टार रणबीर कपूर मंगलवार रात मुंबई एयरपोर्ट पर दिखे, जहां उन्होंने वहां मौजूद पैपराजी से गुज़ारिश की कि वे उनके चेहरे पर सीधे तेज लाइट न जलाएं। वायरल हो रहे एक वीडियो में, रणबीर को पूरी तरह काले कपड़ों में एयरपोर्ट के एंट्री गेट की ओर जाते हुए देखा गया। काली टी-शर्ट के ऊपर काली जैकेट, मैचिंग ट्राउज़र, काले चश्मे और घनी दाढ़ी में नज़र आए एक्टर ने थोड़ी देर रुककर पैपराजी से मज़ाकिया बातचीत की, जबकि वे साफ़ तौर पर असहज दिख रहे थे।
जब फ़ोटोग्राफ़र तेज़ फ़्लैशलाइट के साथ तस्वीरें खींचते रहे, तो रणबीर ने विनम्रता से उनसे कहा- "कुछ दिख नहीं रहा है।" तब एक पैपराज़ी ने एक्टर से कुछ और तस्वीरों के लिए रुकने का अनुरोध किया। अपने खास मजाकिया अंदाज़ में जवाब देते हुए रणबीर ने कहा, "रुकके क्या करूं भाई?" इसके बाद एक्टर को एयरपोर्ट के अंदर जाने से पहले फ़्लैश से अपनी आंखों को बचाते हुए देखा गया। खबरों के अनुसार, रणबीर कपूर को अपनी बेटी राहा से कंजंक्टिवाइटिस (आंखों का इन्फेक्शन) हुआ, जिसे कुछ दिन पहले ही यह इन्फेक्शन हुआ था।
उसी रात, कन्नड़ सुपरस्टार यश भी मुंबई एयरपोर्ट पर दिखे। डार्क जैकेट, टी-शर्ट, ट्राउज़र और टिंटेड चश्मे वाले रग्ड कैज़ुअल लुक में यश दूर से ही पैपराज़ी का अभिवादन करते हुए टर्मिनल के अंदर गए। जानकारी के लिए बता दें कि रणबीर कपूर और यश जल्द ही नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित पौराणिक फ़िल्म 'रामायण' में एक साथ नज़र आएँगे, जिसमें रणबीर भगवान राम की भूमिका निभाएंगे और यश रावण का किरदार निभाएंगे। फ़िल्म का ट्रेलर हाल ही में दिल्ली में एक भव्य लॉन्च इवेंट में जारी किया गया था।