
नारी डेस्क : भारतीय संगीत जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। दिग्गज संगीतकार प्यारेलाल शर्मा की पत्नी सुनीला प्यारेलाल शर्मा का 78 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने 12 जुलाई को अपने परिवार के बीच अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से फिल्म और संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार और करीबी लोग उन्हें प्यार से 'अम्मा' कहकर बुलाते थे।
सिंगर प्रियंका मित्रा ने दी निधन की जानकारी
सुनीला शर्मा के निधन की जानकारी सबसे पहले गायिका प्रियंका मित्रा ने सोशल मीडिया के माध्यम से दी। उन्होंने भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि बेहद भारी मन से यह सूचना देनी पड़ रही है कि उनकी प्रिय 'अम्मा' अब इस दुनिया में नहीं रहीं। उन्होंने अपने संदेश में बताया कि सुनीला जी ने अपना पूरा जीवन सादगी, प्रेम और दूसरों की सेवा में बिताया। जो भी उनसे मिलता था, वह उनकी विनम्रता और अपनापन कभी नहीं भूल पाता था।
मुंबई में होगा अंतिम संस्कार
परिवार की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, सुनीला शर्मा का अंतिम संस्कार सोमवार को मुंबई के सांताक्रूज़ (पश्चिम) स्थित दत्तात्रेय रोड श्मशान घाट में किया जाएगा। उनके अंतिम दर्शन के लिए फिल्म और संगीत जगत से जुड़े कई कलाकारों और शुभचिंतकों के पहुंचने की संभावना है।
प्यारेलाल शर्मा की सबसे बड़ी ताकत थीं सुनीला
सुनीला शर्मा भले ही फिल्मी दुनिया की चकाचौंध से दूर रहती थीं, लेकिन वह अपने पति प्यारेलाल शर्मा के हर सुख-दुख में उनके साथ खड़ी रहीं। उन्होंने हमेशा प्यारेलाल जी का हौसला बढ़ाया और उनके संगीत सफर में एक मजबूत साथी की भूमिका निभाई। बड़े कॉन्सर्ट, सम्मान समारोह और टीवी कार्यक्रमों में भी वह अक्सर उनके साथ नजर आती थीं।
टीवी शोज में भी नजर आई थीं
सुनीला शर्मा को दर्शकों ने कई लोकप्रिय सिंगिंग रियलिटी शोज जैसे 'इंडियन आइडल 13', 'सा रे गा मा पा' और 'सुपरस्टार सिंगर' में प्यारेलाल शर्मा के साथ देखा था। 'इंडियन आइडल 13' के एक विशेष एपिसोड में एक प्रतियोगी और उसकी मां द्वारा उपहार में दी गई हाथ से बनी साड़ी पाकर वह भावुक हो गई थीं। उनकी सादगी और सहज स्वभाव ने उस पल को दर्शकों के लिए यादगार बना दिया था।

संगीत जगत के लिए बड़ी क्षति
लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल की मशहूर संगीतकार जोड़ी ने हिंदी सिनेमा को सैकड़ों यादगार और सुपरहिट गीत दिए। इस लंबे और सफल सफर में सुनीला शर्मा ने हमेशा परिवार और प्यारेलाल शर्मा का मजबूती से साथ निभाया। उनके निधन से न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे संगीत जगत को गहरा आघात पहुंचा है। सोशल मीडिया पर कलाकार और प्रशंसक उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।